पंचकूला(दिव्या राणा): श्री कृष्ण कृपा जीओ गीता परिवार, पंचकूला द्वारा 7 से 9 अगस्त 2026 तक इन्द्रधनुष ऑडिटोरियम, सेक्टर-5, पंचकूला में आयोजित होने वाले भव्य दिव्य गीता सत्संग की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता पंचकूला के महापौर श्याम लाल बंसल ने की।बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों, श्रद्धालुओं की सुविधाओं, कलश यात्रा, पार्किंग, प्रसाद वितरण, स्वयंसेवकों की जिम्मेदारियों तथा विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। महापौर श्याम लाल बंसल ने कहा कि यह आयोजन पंचकूला के लिए गौरव का विषय है और इसे सफल बनाने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना चाहिए।श्री कृष्ण कृपा जीओ गीता परिवार के वरिष्ठ सदस्य परविंदर ढींगरा ने बताया कि यह तीन दिवसीय दिव्य गीता सत्संग 7 से 9 अगस्त तक प्रतिदिन सायं 5:00 बजे से रात्रि 8:00 बजे तक आयोजित होगा। कार्यक्रम में गीता मनीषी पूज्य स्वामी श्री ज्ञानानंद जी महाराज अपने प्रेरणादायी प्रवचनों से श्रद्धालुओं को श्रीमद्भगवद्गीता के ज्ञान से लाभान्वित करेंगे। प्रतिदिन सत्संग के उपरांत श्रद्धालुओं के लिए राधा रसोई प्रसाद की व्यवस्था भी रहेगी।उन्होंने बताया कि 7 अगस्त को सायं 4:00 बजे सेक्टर-2, पंचकूला से इन्द्रधनुष ऑडिटोरियम तक भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।कार्यक्रम में पूज्य स्वामी सम्पूर्णानंद जी ब्रह्मचारी, पूज्य बाबा भूमिंद्र सिंह जी (पटियाला वाले) तथा पूज्या साध्वी डॉ. अमृता दीदी का भी सान्निध्य प्राप्त होगा। वहीं हरियाणा के लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य मंत्री विपुल गोयल तथा भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी।बैठक में जगमोहन गर्ग, धर्मपाल सिंगला, नरेश सांवरा, भगवानदास मित्तल, वनीत जैन, परवीन गोयल, सुशील बिंदल और दिनेश बंसल सहित अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने आयोजन को सफल बनाने के लिए अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।परविंदर ढींगरा ने पंचकूला, चंडीगढ़, मोहाली, जीरकपुर एवं आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं से परिवार सहित अधिक से अधिक संख्या में इस दिव्य गीता सत्संग में पहुंचकर आध्यात्मिक ज्ञान का लाभ लेने तथा कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि “जीओ गीता के संग, सीखो जीने का ढंग” का संदेश जन-जन तक पहुंचाना ही इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है।







