पांचवा आयाम ( जसबीर/ सच कीरत सिंह) अयोध्या:वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बलवंत चौधरी के नेतृत्व में महारागंज क्षेत्र के विद्यापीठ इंटर कॉलेज में मिशन शक्ति पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं को महिला एवं बाल सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। अभियान के दौरान बच्चों को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और विपरीत परिस्थितियों में सहायता लेने के तरीकों की जानकारी दी गई।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बलवंत चौधरी ने कहा कि बेटियों की सुरक्षा और सम्मान पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बच्चों से किसी भी परेशानी को छिपाने के बजाय तत्काल परिजनों, शिक्षकों अथवा पुलिस को सूचना देने की अपील की। उन्होंने कहा कि जागरूकता के साथ आत्मविश्वास ही सुरक्षित समाज की मजबूत नींव है।मिशन शक्ति टीम ने वूमेन पावरलाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, महिला हेल्पलाइन 181, स्वास्थ्य सेवा 102, एंबुलेंस सेवा 108, पुलिस आपातकालीन सेवा 112 और साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 की जानकारी दी। साथ ही कन्या सुमंगला योजना, विधवा पेंशन योजना और वृद्धावस्था पेंशन योजना सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में भी बताया गया।वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराध, जनधन खातों के दुरुपयोग और डिजिटल अरेस्ट जैसे मामलों से बचाव के लिए विद्यार्थियों को विशेष रूप से सतर्क किया गया। बलवंत चौधरी ने कहा कि मिशन शक्ति का उद्देश्य केवल जागरूकता फैलाना नहीं, बल्कि प्रत्येक बेटी के भीतर सुरक्षा, सम्मान और आत्मविश्वास की भावना को मजबूत करना है।पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने बच्चों को साइबर ठगी से बचने, निजी जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा न करने और संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जागरूक बच्चा अपने परिवार और समाज को भी सुरक्षित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।महारागंज क्षेत्र में आयोजित यह कार्यक्रम बच्चों के लिए सुरक्षा, सम्मान और भरोसे का संदेश लेकर आया। मिशन शक्ति की इस पहल से विद्यार्थियों में पुलिस के प्रति विश्वास और विपरीत परिस्थितियों में मदद लेने का आत्मबल मजबूत हुआ।








