पांचवा आयाम (जसबीर/ सच कीरत सिंह) अयोध्या:मवई क्षेत्र में ग्रामीण सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में शुक्रवार को नई पहल सामने आई। थाना मवई में थानाध्यक्ष कार्यालय और आदर्श मेस के नवीनीकरण कार्य के साथ नवनिर्मित रामदास नगर पुलिस चौकी का लोकार्पण वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने फीता काटकर किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बलवंत चौधरी, क्षेत्राधिकारी रूदौली समेत पुलिस अधिकारी और क्षेत्र के संभ्रांत नागरिक मौजूद रहे।लोकार्पण के बाद एसएसपी ने थाना क्षेत्र में तैनात ग्राम प्रहरियों से बातचीत कर उनका कुशलक्षेम जाना। ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा और सतर्कता बढ़ाने के उद्देश्य से उन्हें टॉर्च, डंडा, साफा, सीटी-डोरी समेत आवश्यक सामग्री वितरित की गई।पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बलवंत चौधरी ने ग्रामीण सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने और ग्राम प्रहरियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्हें अपने दायित्वों का सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।इसके बाद एसएसपी ने नवनिर्मित चौकी परिसर में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधरोपण किया और अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए लोगों को प्रेरित किया। परिसर में मौजूद बच्चों से उन्होंने स्नेहपूर्वक संवाद किया और उन्हें मिष्ठान्न वितरित किया।नई चौकी के शुरू होने से रामदास नगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस की पहुंच और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूती मिलने की उम्मीद है। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों के साथ क्षेत्रीय नागरिक भी मौजूद रहे।









