मानसा, , तानिया रोहिल्ला: नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मानसा पुलिस ने शिरोमणि अकाली दल के नेता और पूर्व ट्रक यूनियन प्रधान मलकीत सिंह की 12.35 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियों को फ्रीज करने की कार्रवाई की है। पुलिस की ओर से बुधवार को उनके घर के बाहर इस संबंध में नोटिस भी चस्पा किया गया।मानसा के डीएसपी हरजिंदर सिंह गिल ने बताया कि यह कार्रवाई नशे के खिलाफ राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई है। उन्होंने कहा कि मलकीत सिंह के बेटे कुलविंदरजीत सिंह से 500 ग्राम हेरोइन बरामद होने के बाद मानसा सिटी-1 थाने में मामला दर्ज किया गया था।डीएसपी के मुताबिक कुलविंदरजीत सिंह के खिलाफ अब तक तीन मामले दर्ज हैं, जबकि मलकीत सिंह के खिलाफ 17 मामले दर्ज किए गए हैं। इसके अलावा मलकीत सिंह के दूसरे बेटे मनिंदरजीत सिंह के खिलाफ भी एक मामला दर्ज है। पुलिस ने इन मामलों के आधार पर संपत्तियों को फ्रीज करने की कार्रवाई की है।पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई के बाद परिवार ने इसे राजनीतिक रूप से प्रेरित बताया है। मलकीत सिंह की पत्नी सरबजीत कौर ने पुलिस के आरोपों पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनके पति पहले ही इन मामलों में बरी हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि परिवार पुलिस की कार्रवाई के खिलाफ अदालत का रुख करेगा।पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार से जुड़े मामलों में आरोपियों की संपत्तियों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जा रही है, ताकि नशे के नेटवर्क पर आर्थिक रूप से प्रहार किया जा सके। मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई जारी है।







