संगरूर/चंडीगढ़, तानिया रोहिल्ला: पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने आज खुलासा किया कि आम आदमी पार्टी सरकार ने गुलजार सिंह के परिवार को नौकरी देने के नाम पर धोखा दिया, जबकि वास्तव में परिवार को कोई नौकरी का ऑफर दिया ही नहीं गया था।उन्होंने कहा कि परिवार को स्थानीय डिप्टी कमिश्नर (DC) की ओर से सरकार को परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की “सिफारिश” वाला पत्र दिया गया था। उन्होंने कहा कि गुलजार सिंह के अंतिम संस्कार से पहले परिवार को यह विश्वास दिलाया गया कि यह नौकरी का ऑफर लेटर है।उन्होंने कहा कि यह उस व्यक्ति के परिवार के साथ किया गया साफ़ धोखा और जालसाजी है, जिसे वित्त मंत्री हरपाल चीमा के गुर्गों द्वारा डराने-धमकाने और अपमानित किए जाने के बाद आत्महत्या करने के लिए मजबूर होना पड़ा।वड़िंग ने एक बार फिर चीमा को मंत्रिमंडल से तत्काल बर्खास्त करने और आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार करने की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि सरकार को अंततः कार्रवाई करनी ही पड़ेगी। उन्होंने याद दिलाया कि इससे पहले मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर से जुड़े एक मामले में भी सरकार ने उन्हें बचाने की कोशिश की थी, लेकिन अंत में उन्हें मंत्री पद से हटाना पड़ा और उन्हें जेल भी जाना पड़ा।बाद में मीडिया से बातचीत के दौरान एक सवाल का जवाब देते हुए वड़िंग ने सरकार के उन आरोपों को खारिज कर दिया कि विपक्ष इस मामले पर राजनीति कर रहा है। उन्होंने कहा कि एक असहाय गरीब व्यक्ति, जिसका बेटा नशे की लत का शिकार हो चुका था, को आत्महत्या करने के लिए मजबूर होना पड़ा और अपनी डाइंग डिक्लेरेशन में उसने मंत्री का नाम लिया है।उन्होंने कहा कि मुख्य विपक्षी दल के नेता के रूप में परिवार के साथ खड़ा होना उनका कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि उन्होंने परिवार को आश्वासन दिया है कि कांग्रेस न्याय सुनिश्चित करने के लिए हर संभव संघर्ष करेगी और दोषी पाए जाने वाले सभी लोगों को सजा दिलाने के लिए आवाज उठाएगी।वड़िंग ने कहा कि कांग्रेस का पूरा संगठन-लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से लेकर जमीनी स्तर के कार्यकर्ता तक-परिवार को न्याय दिलाने के लिए उनके साथ खड़ा है।उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूरे राज्य में प्रदर्शन कर वित्त मंत्री हरपाल चीमा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।







