पांचवा आयाम (जसबीर/सच कीरत सिंह)अयोध्या:जन्मदिन पर महंगी पार्टियों और दिखावे से अलग अयोध्या के युवा इंद्रकुमार उपाध्याय ने अपना जन्मदिन सेवा, पर्यावरण संरक्षण और रक्तदान को समर्पित कर मिसाल पेश की। उन्होंने वंचित वर्ग के बच्चों के बीच मिष्ठान वितरित कर दिन की शुरुआत की और उनके चेहरों पर मुस्कान बिखेरी।उपनिरीक्षक रणजीत यादव ‘खाकी वाले गुरुजी’ के संरक्षण और विनय सिंह कुशवाहा की मौजूदगी में निशुल्क अपना स्कूल के बच्चों के साथ जन्मदिन मनाया गया। इसके बाद जयसिंहपुर वार्ड में बच्चों के साथ जामुन का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।सेवा संकल्प को आगे बढ़ाते हुए इंद्रकुमार उपाध्याय अयोध्या जिला चिकित्सालय स्थित ब्लड बैंक पहुंचे और स्वैच्छिक रक्तदान किया। जन्मदिन के उत्सव को उन्होंने समाज के लिए उपयोगी पहल में बदलते हुए यह संदेश दिया कि खुशियां बांटने और किसी की जिंदगी बचाने से बड़ा जश्न शायद ही कोई हो।खाकी वाले गुरुजी’ रणजीत यादव ने इंद्रकुमार को जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा कि सच्ची शिक्षा और संस्कार वही हैं, जो व्यक्ति को समाज के अंतिम पायदान पर खड़े जरूरतमंद की मदद करना सिखाएं। जन्मदिन जैसे अवसरों को सेवा से जोड़ना युवाओं के लिए प्रेरक उदाहरण है। बच्चों की मुस्कान, एक पौधा और रक्तदान—इन तीनों प्रयासों में समाज के प्रति जिम्मेदारी दिखाई देती है। ऐसी पहल लगातार आगे बढ़नी चाहिए। वहीं विनय सिंह कुशवाहा ने युवाओं से रक्तदान और अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की।







