पांचवा आयाम (जसबीर) सच कीरत सिंह) : अयोध्या/बाराबंकी। उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल ने बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वाले यात्रियों के खिलाफ शनिवार को बाराबंकी स्टेशन पर विशेष टिकट जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान चार ट्रेनों में सघन जांच कर 353 मामले पकड़े गए। रेलवे ने इन मामलों में किराया और जुर्माने के रूप में कुल ₹3,13,480 की वसूली की। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक समर्थ गुप्ता के निर्देशन और सहायक वाणिज्य प्रबंधक कृष्ण कांत यादव के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में गाड़ी संख्या 12556, 15744, 13308 और 11080 की जांच की गई। अभियान में 12 पुरुष और सात महिला टिकट जांच कर्मियों समेत 19 सदस्यीय दल शामिल रहा। जांच के दौरान 353 बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा के मामले सामने आए। इनमें ₹1,28,880 किराया और ₹1,76,500 जुर्माना वसूल किया गया। रेलवे की कार्रवाई का उद्देश्य टिकट नियमों का पालन सुनिश्चित करने के साथ राजस्व हानि पर अंकुश लगाना है। समर्थ गुप्ता ने यात्रियों से अपील की कि रेल यात्रा केवल गंतव्य तक पहुंचने का साधन नहीं, बल्कि साझा जिम्मेदारी भी है। वैध टिकट लेकर यात्रा करना हर यात्री का दायित्व है। टिकट के बिना सफर करने से होने वाली असुविधा और आर्थिक दंड से बचें। रेलवे यात्रियों की सुविधा और सुरक्षित यात्रा के लिए लगातार प्रयासरत है—यात्री भी नियमों का पालन कर इस व्यवस्था को बेहतर बनाने में सहयोग दें।







