पंचकूला। विश्वकर्मा ऑल कॉन्ट्रैक्टर एंड लेबर वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से भगवान विश्वकर्मा दिवस के पावन अवसर पर घग्गर स्थित छठ पूजा घाट पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर निगम पंचकूला के मेयर श्री श्याम लाल बंसल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में हरियाणा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष श्री ज्ञान चंद गुप्ता, नगर निगम वार्ड नंबर 9 के पार्षद श्री हरिंदर मलिक तथा वार्ड नंबर 20 के पार्षद श्री रोहित चौधरी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति, एसोसिएशन से जुड़े ठेकेदार, श्रमिक एवं कारीगर उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान भगवान विश्वकर्मा की विधिवत पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं कार्यक्षेत्र में सफलता की कामना की गई। इस अवसर पर श्रमिकों, कारीगरों, इंजीनियरों, तकनीकी कर्मचारियों तथा ठेकेदारों ने भगवान विश्वकर्मा को नमन किया। कार्यक्रम में देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिन के अवसर पर केक भी काटा गया। उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिन पर उन्हें शुभकामनाएं दीं तथा देश की उन्नति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। एसोसिएशन के प्रधान श्री राजेश चोरसिया ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा दिवस श्रम, निर्माण, तकनीक और सृजन के प्रति सम्मान का पर्व है। भगवान विश्वकर्मा को निर्माण एवं शिल्प कला का देवता माना जाता है। उन्होंने कहा कि देश के विकास में श्रमिकों, कारीगरों, तकनीकी कर्मचारियों और ठेकेदारों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उनके परिश्रम और योगदान के बिना विकास की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन का उद्देश्य केवल विश्वकर्मा दिवस मनाना ही नहीं, बल्कि श्रमिक वर्ग के कल्याण, सम्मान और उनके हितों के लिए निरंतर कार्य करना भी है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों ने श्रमिकों एवं कारीगरों के योगदान की सराहना की। इस अवसर पर रमानंद जी, गौतम जी, यशपाल अरोड़ा जी सहित एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं सदस्य, ठेकेदार, श्रमिक तथा गणमान्य नागरिक विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम को लेकर एसोसिएशन के सदस्यों एवं श्रमिकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। सभी ने भगवान विश्वकर्मा से अपने कार्यक्षेत्र में निरंतर प्रगति और परिवारों में सुख-शांति की कामना की। एसोसिएशन के प्रधान श्री राजेश चोरसिया ने सभी ठेकेदारों, श्रमिकों एवं समाज के लोगों का कार्यक्रम में पहुंचने और आयोजन को सफल बनाने के लिए आभार व्यक्त किया।






