पांचवा आयाम ( जसबीर/ सच कीरत सिंह) अयोध्या : चौदह कोसी परिक्रमा मार्ग के चौड़ीकरण से प्रभावित परिवारों की समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने कलेक्ट्रेट सभागार में प्रभावित पक्ष के प्रतिनिधियों, अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, महानगर अध्यक्ष भाजपा कमलेश श्रीवास्तव और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। मुआवजे को लेकर प्रशासन और प्रभावित परिवारों के बीच सकारात्मक सहमति बनी, जिसके बाद आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। बैठक में मार्ग के किनारे स्थित दुकानों और उनके मुआवजे समेत प्रभावित परिवारों की अन्य समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को समस्याओं का नियमानुसार परीक्षण कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने कहा कि अयोध्या की पवित्र चौदह कोसी परिक्रमा मार्ग का चौड़ीकरण श्रद्धालुओं की सुविधा और बेहतर यातायात व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य है। विकास के साथ प्रभावित परिवारों के हितों का भी पूरी संवेदनशीलता से ध्यान रखा जाएगा। प्रशासन संवाद और समन्वय के माध्यम से उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में आगे बढ़ेगा। बैठक में विधायक वेद प्रकाश गुप्ता का सकारात्मक सहयोग भी रहा।






