नोएडा (दिव्या राणा) : मेगामैक्स एविएशन प्राइवेट लिमिटेड की क्षेत्रीय एयरलाइन ‘एयर अयोध्या’ को भारत सरकार के नागर विमानन मंत्रालय से अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) प्राप्त हो गया है। एयर अयोध्या का संचालन क्षेत्रीय संपर्क योजना ‘उड़ान’ के तहत किया जाएगा। एनओसी मिलने के बाद एयरलाइन ने नियमित हवाई सेवाएं शुरू करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ाया है। अब एयर अयोध्या नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) से एयर ऑपरेटर सर्टिफिकेट (एओसी) प्राप्त करने की प्रक्रिया शुरू करेगी। एओसी मिलने के बाद एयरलाइन के लिए वाणिज्यिक उड़ानें शुरू करने का रास्ता साफ होगा। छोटे शहरों और धार्मिक स्थलों को जोड़ने पर फोकस एयर अयोध्या का मुख्य फोकस उत्तर प्रदेश पर रहेगा। एयरलाइन का उद्देश्य प्रदेश के छोटे और मझोले शहरों, धार्मिक स्थलों तथा पर्यटन केंद्रों को आपस में और प्रमुख हवाई अड्डों से जोड़ना है। कंपनी सेसना ग्रैंड कारवां ईएक्स विमानों के साथ अपनी सेवाएं शुरू करने की तैयारी में है। पहला विमान दिसंबर 2026 में मिलने की संभावना है। यात्रियों की मांग बढ़ने के साथ चरणबद्ध तरीके से 19-सीटर विमान और आगे अधिक मांग वाले मार्गों पर बड़े टर्बोप्रॉप विमान भी बेड़े में शामिल किए जाएंगे। हवाई यात्रा को सुलभ बनाना लक्ष्य’ मेगामैक्स ग्रुप के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक राजेश कुमार सिंह ने कहा कि एनओसी मिलना एयर अयोध्या की यात्रा में महत्वपूर्ण पड़ाव है। उनका कहना है कि कंपनी का लक्ष्य उत्तर प्रदेश के छोटे शहरों के लोगों के लिए हवाई यात्रा को सुलभ और व्यावहारिक विकल्प बनाना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के कई शहरों में हवाई अड्डे या हवाई पट्टियां हैं, लेकिन नियमित उड़ानें नहीं हैं। एयर अयोध्या ‘उड़ान’ योजना की भावना के अनुरूप इस कमी को दूर करने के लिए बनाई गई है। उन्होंने नागर विमानन मंत्रालय और उत्तर प्रदेश सरकार के सहयोग के लिए आभार जताते हुए कहा कि संचालन की तैयारियों के लिए डीजीसीए के साथ मिलकर काम किया जाएगा। 2036 तक 50 विमानों का बेड़ा बनाने की योजना एयर अयोध्या को मेगामैक्स एविएशन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा केंद्र सरकार की आरसीएस-उड़ान योजना के तहत स्थापित किया जा रहा है। कंपनी चरणबद्ध बेड़ा मॉडल अपनाएगी। शुरुआत छोटे विमानों के माध्यम से नए मार्गों को जोड़ने से होगी और यात्री मांग बढ़ने पर बड़े विमानों को बेड़े में शामिल किया जाएगा। कंपनी का दीर्घकालिक लक्ष्य वर्ष 2036 तक 50 विमानों का बेड़ा तैयार कर एक मजबूत क्षेत्रीय हवाई नेटवर्क विकसित करना है। चारधाम यात्रा और चार्टर सेवाओं से भी जुड़ी कंपनी मेगामैक्स एविएशन प्राइवेट लिमिटेड, मेगामैक्स ग्रुप की कंपनी है। कंपनी चारधाम यात्रा के लिए धार्मिक पर्यटन सेवाओं के साथ-साथ ‘आयो’ ब्रांड के तहत निजी एवं मेडिकल चार्टर सेवाएं भी प्रदान करती है। एयर अयोध्या कंपनी की नियमित क्षेत्रीय एयरलाइन परियोजना है। मेगामैक्स ग्रुप आईटी सेवाओं और सौर ऊर्जा के क्षेत्र में भी कार्यरत है।






