पंचकूला (दिव्या राणा) : महिला एवं बाल विकास विभाग बरवाला की ओर से आंगनवाड़ी केंद्र बतौड में सीडीपीओ रेखा की अध्यक्षता में पोषण माह और सेवा संकल्प अभियान आंगनमिलन का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम के दौरान गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म पूरी की गई और सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जन-कल्याणकारी व लाभकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से मौजूद सीडीपीओ (CDPO) रेखा और सुपरवाइजर मोनिका ने ग्रामीणों और महिलाओं को जागरूक करते हुए बताया कि सरकार द्वारा बच्चों और महिलाओं के स्वास्थ्य व पोषण के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने सभी से इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। पोषण कोऑर्डिनेटर सुमन ने सही पोषण के महत्व पर प्रकाश डाला और बताया कि कैसे स्थानीय खान-पान से कुपोषण को दूर किया जा सकता है। इस अवसर पर विभिन्न सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भी अपनी भागीदारी दर्ज कराई जिनमें रॉकेट लर्निंग से विशा व प्रीत और प्रथम एनजीओ से कविता शामिल रहीं। उन्होंने बच्चों के शुरुआती विकास और शिक्षा के आधुनिक तरीकों की जानकारी दी। कार्यक्रम को सफल बनाने में आंगनवाड़ी वर्कर सुशील राणा, नसीब कौर, शशिबाला, कमलेश और हेल्पर निर्मला व रिंकी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस मौके पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने भी हिस्सा लिया जिनमें पूर्व सरपंच लक्ष्मण बरटौड़, पंच सतपाल राणा, राम कुमार, मुकेश शर्मा और रामपाल राणा आदि मुख्य रूप से मौजूद रहे। सभी ने विभाग के इस प्रयास की सराहना की।







