v
पंचकूला (दिव्या राणा) : श्री रघुनाथ ड्रामेटिक क्लब एवं श्री राम सेवादार ट्रस्ट, पंचकूला की ओर से आयोजित रामलीला में बाली वध की लीला का भव्य मंचन किया गया। इस अवसर पर पंचकूला के समाजसेवी श्री राज मित्तल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने रामलीला के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम हमारी भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। राज मित्तल रामलीला के सफल आयोजन के लिए क्लब के साथ मिलकर तन-मन-धन से सहयोग कर रहे हैं। क्लब की विशेष अपील पर उन्होंने आगामी दशहरा उत्सव में भी वरिष्ठ अतिथि के रूप में शामिल होने की सहमति दी है। उनके सहयोग से आयोजकों में उत्साह का माहौल है।रामलीला के मंचन के दौरान कलाकारों ने अपने शानदार अभिनय से रामायण के प्रसंगों को जीवंत कर दिया। दर्शकों ने भगवान श्रीराम के जयकारों के साथ लीला का आनंद लिया।क्लब के सदस्यों संजीव मनचंदा एवं मुकेश बंसल ने बताया कि मंचन में दिखाया गया कि माता सीता की खोज के दौरान भगवान श्रीराम की मुलाकात हनुमान जी से होती है। हनुमान जी श्रीराम और सुग्रीव की मुलाकात करवाते हैं, जिसके बाद दोनों के बीच मित्रता होती है। सुग्रीव अपने भाई बाली के अत्याचारों से परेशान थे। भगवान श्रीराम सुग्रीव को सहायता का वचन देते हैं और बाली का वध कर सुग्रीव को किष्किंधा का राजा बनाते हैं। कलाकारों ने इस प्रसंग का प्रभावशाली मंचन कर दर्शकों को भावविभोर कर दिया।महासचिव आकाश शर्मा एवं राकेश गोयल ने बताया कि आगामी लीला में हनुमान जी द्वारा माता सीता की खोज, लंका दहन तथा रावण-अंगद संवाद के रोमांचक दृश्यों का मंचन किया जाएगा। इन प्रसंगों के माध्यम से दर्शकों को रामायण की महत्वपूर्ण घटनाओं से रूबरू करवाया जाएगा।इस अवसर पर संजीव मनचंदा, मुकेश बंसल, आकाश शर्मा, नितिन शर्मा, राकेश गोयल, सौरभ नारंग, हरिंदर शर्मा, एम.आर. गोयल, लक्ष्मण खाना, हर्षिका शर्मा, विकास गोयल और पुनीत बंसल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।रामलीला के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्शों, धर्म, सत्य और मर्यादा का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है।






