पंचकूला के वार्ड नंबर-7 में श्रद्धालुओं के लिए खुशखबरी है। अब शहर में नीम करोली बाबा और हनुमान महाराज के दर्शन करने का अवसर मिलेगा। वार्ड नंबर-7 में नीम करोली बाबा और हनुमान महाराज के मंदिर का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। मंदिर निर्माण के शुभारंभ पर पंचकूला के मेयर श्यामलाल बंसल सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की।मंदिर निर्माण को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिल रहा है। एकलव्य पाठशाला के सचिव एवं समाजसेवक रवि बेदी ने बताया कि मंदिर निर्माण के लिए समाज के लोगों का पूरा समर्थन मिल रहा है। उन्होंने ट्राईसिटी के साथ-साथ पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और आसपास के जिलों के श्रद्धालुओं से अपील की कि वे मंदिर निर्माण में सहयोग करें, ताकि भव्य मंदिर का निर्माण किया जा सके।बाबा सुल्तान महाराज के संकल्प से शुरू हुआ मंदिर निर्माण मंदिर निर्माण की पहल बाबा सुल्तान महाराज के मन में आए विचार से हुई। उन्होंने नीम करोली बाबा का मंदिर बनाने का संकल्प लिया और इसके लिए अपना मकान तुड़वाकर उसकी जगह पर मंदिर निर्माण का कार्य शुरू करवाया। सुल्तान ने बताया कि मंदिर में नीम करोली बाबा और हनुमान महाराज की मूर्तियों की स्थापना पूरी विधि-विधान के साथ की जाएगी। मंदिर बनने से श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना और दर्शन की सुविधा मिलेगी। साथ ही, समाज में सनातन संस्कृति और धार्मिक आस्था का संदेश भी पहुंचेगा।युवाओं को सनातन संस्कृति से जोड़ने का प्रयास समाजसेवक रवि बेदी ने कहा कि नशा मुक्ति अभियान और सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का प्रयास किया जा रहा है। मंदिर निर्माण से क्षेत्र में धार्मिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और युवा सनातन संस्कृति से जुड़कर सामाजिक कार्यों में भी भागीदारी कर सकेंगे।उन्होंने कहा कि मंदिर केवल पूजा-अर्चना का स्थान ही नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने, युवाओं को सकारात्मक दिशा देने और धार्मिक संस्कारों को आगे बढ़ाने का माध्यम भी बनेगा।





