
पंचकूला , हरियाणा
क्षेत्र के रेल यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में राज्यसभा सांसद श्रीमती रेखा शर्मा के निरंतर प्रयासों से अटेली रेलवे स्टेशन पर गाड़ी संख्या 15091/15092 दौराई–टनकपुर–दौराई एक्सप्रेस के ठहराव को भारतीय रेल द्वारा स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।
उल्लेखनीय है कि रेखा शर्मा ने क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को गंभीरता से उठाते हुए रेल मंत्री को पत्र लिखकर अटेली रेलवे स्टेशन पर इस महत्वपूर्ण ट्रेन के ठहराव की मांग की थी। उनके अनुरोध पर सकारात्मक कार्रवाई करते हुए माननीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने इस मांग की स्वीकृति की जानकारी प्रदान की।
इसके उपरांत उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा अधिसूचना जारी कर अटेली रेलवे स्टेशन पर गाड़ी संख्या 15091/15092 के ठहराव को अनुमोदित कर दिया गया है। रेलवे की अधिसूचना के अनुसार यह ठहराव प्रायोगिक आधार पर प्रारंभ किया गया है।
इस निर्णय से अटेली तथा आसपास के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। विद्यार्थियों, कर्मचारियों, व्यापारियों तथा आम नागरिकों को अब बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे उनकी यात्रा अधिक सुगम और सुविधाजनक बनेगी।इस अवसर पर सांसद रेखा शर्मा ने माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी तथा माननीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार जनभावनाओं एवं क्षेत्रीय आवश्यकताओं के प्रति पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि अटेली क्षेत्र के लोगों की यह लंबे समय से लंबित मांग थी, जिसकी पूर्ति होने से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। शर्मा ने कहा कि वे भविष्य में भी क्षेत्र के विकास, बेहतर रेल सुविधाओं और जनहित से जुड़े मुद्दों को निरंतर उठाती रहेंगी तथा क्षेत्रवासियों की आवाज को प्रभावी ढंग से सरकार तक पहुंचाने का कार्य करती रहेंगी।






