पंचकूला (नेहा पांडेय):अंतर्राष्ट्रीय नशा निषेध एवं अवैध तस्करी विरोधी दिवस के अवसर पर FPAI TI Project, पंचकूला द्वारा इंदिरा कॉलोनी स्थित लेबर चौक पर एक विशेष एचआईवी जांच शिविर (HIV Testing Camp), एचआईवी जागरूकता और नशा मुक्ति जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति सचेत करना और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना था।शिविर में मुख्य रूप से एसआई भीम सिंह, स्पेशल पुलिस ऑफिसर दिनेश कुमार, एमसी राज कुमार, आईसीटीसी टीम (सेक्टर-6), प्रोजेक्ट डायरेक्टर मनोज कुमार और प्रोजेक्ट ऑफिसर सुश्री वंदना शर्मा सहित FPAI TI Project के समस्त स्टाफ ने सक्रिय रूप से भाग लिया।कार्यक्रम की शुरुआत में FPAI TI Project, पंचकूला की प्रोजेक्ट मैनेजर सुश्री देविंदर कौर सिमरन ने सभी मुख्य अतिथियों का स्वागत किया। उपस्थित समुदाय को संबोधित करते हुए उन्होंने नशा-मुक्त और स्वस्थ जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया। सुश्री सिमरन ने एचआईवी की रोकथाम, समय पर इसकी जांच के महत्व और समाज में जागरूकता बढ़ाने पर विस्तार से जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि समय पर जांच और सही जानकारी ही इस बीमारी से बचाव का सबसे बड़ा हथियार है।इस विशेष शिविर के दौरान कुल 69 व्यक्तियों की एचआईवी जांच की गई, और राहत की बात यह रही कि सभी की रिपोर्ट नेगेटिव प्राप्त हुई। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अतिथियों, स्वास्थ्य कर्मियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन के साथ शिविर का सफल समापन किया गया।







