पंचकूला में विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार की अध्यक्षता में कष्ट निवारण समिति की बैठक, पांच शिकायतों का मौके पर निस्तारण; अवैध खनन व अतिक्रमण पर सख्ती के निर्देश

पंचकूला (नेहा पांडेय ):हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने आज सेक्टर-1 स्थित लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्राप्त कुल सात शिकायतों में से पांच का मौके पर ही निस्तारण किया, जबकि शेष दो शिकायतों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।इस अवसर पर उपायुक्त सतपाल शर्मा, पंचकूला के विधायक चंद्रमोहन तथा कालका की विधायक शक्ति रानी शर्मा भी उपस्थित रहीं।गांव खेड़ावाली (कालका) निवासी द्वारा खसरा नंबर 1 से 5 तक निर्धारित सीमा से अधिक गहराई तक अवैध खनन किए जाने की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने पुलिस अधिकारियों को नाकों की संख्या बढ़ाने तथा नियमित गश्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खनन मंत्री होने के नाते वह स्वयं उपायुक्त के साथ मौके का निरीक्षण करेंगे। यदि विभाग के किसी अधिकारी अथवा कर्मचारी की लापरवाही पाई गई तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।एनएच फार्मास्यूटिकल, पंचकूला, पेट केमिस्ट शॉप एवं पार्लर तथा पेट एनिमा मेडिकल सेंटर द्वारा राजकीय पशु चिकित्सालय, सेक्टर-3 में कथित अनियमितताओं संबंधी शिकायत पर मंत्री ने कहा कि आगामी दो माह तक एसडीएम पंचकूला पूरे मामले की निगरानी करेंगे। उन्होंने निर्देश दिए कि यदि इस दौरान अस्पताल के चिकित्सकों द्वारा मरीजों को चंडीगढ़ अथवा अन्य स्थानों से दवाइयां खरीदने के लिए पर्ची लिखी जाती है तो संबंधित चिकित्सक के विरुद्ध एफआईआर तक दर्ज कराई जा सकती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिकायतकर्ता भविष्य में किसी भी प्रकार की अनियमितता की जानकारी सीधे उपायुक्त अथवा एसडीएम पंचकूला को दे सकते हैं।सेक्टर-11 निवासी ने शिकायत दी कि कुछ मकान मालिकों ने अपने घरों के पिछले हिस्से में अवैध रूप से रैंप, बगीचे तथा पीछे के गेट बना लिए हैं, जिससे सड़क संकरी हो गई है और आवागमन में असुविधा हो रही है। शिकायत पर संज्ञान लेते हुए मंत्री ने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) के संपदा अधिकारी से की गई कार्रवाई का विवरण मांगा। इस पर संपदा अधिकारी ने बताया कि सेक्टर-11 में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर शिकायत में उल्लिखित दोनों मकानों के पीछे बनाए गए अवैध रैंप एवं रोड बर्म हटा दिए गए हैं।मंत्री ने निर्देश दिए कि एचएसवीपी एवं नगर निगम अपनी-अपनी अतिक्रमण मुक्त कराई गई भूमि की मार्किंग करवाकर वहां बोर्ड लगवाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि एक इंच भी अवैध अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।सेक्टर-26 निवासी ने शिकायत में बताया कि गांव बड़ौना खुर्द में उनकी कृषि भूमि के साथ बरसाती नदी बहती है, जिससे प्रतिवर्ष भूमि का कटाव हो जाता है। उन्होंने कटाव रोकने के लिए डंगा (तटबंध) निर्माण की मांग की। इस पर मंत्री ने सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। विभाग के कार्यकारी अभियंता ने बताया कि इस कार्य के लिए आवश्यक स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है तथा कल से कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।गांव रैला, सेक्टर-12 निवासी ने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण तथा नगर निगम पंचकूला की भूमि पर अवैध निर्माण एवं रास्ते पर अतिक्रमण किए जाने की शिकायत की। दोनों पक्षों को सुनने के उपरांत मंत्री ने नगर निगम आयुक्त, एचएसवीपी के संपदा अधिकारी, तहसीलदार पंचकूला तथा एक एमिनेंट पर्सन को शामिल करते हुए एक समिति गठित करने के निर्देश दिए। यह समिति मामले की जांच कर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।सेक्टर-15 निवासी ने अपनी पुत्री के ससुराल पक्ष द्वारा दहेज मांगने के मामले में निष्पक्ष जांच, संशोधित एफआईआर में छह लाख रुपये की राशि एवं दहेज संबंधी तथ्यों को शामिल करने तथा दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। इस पर मंत्री ने शिकायतकर्ता को आश्वस्त किया कि उनकी बेटी को न्याय अवश्य मिलेगा। उन्होंने निर्देश दिए कि मामले की जांच पुलिस उपायुक्त की निगरानी में कर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त निशा यादव, पुलिस उपायुक्त सृष्टि गुप्ता, एसडीएम पंचकूला चंद्रकांत कटारिया, आरटीए सचिव हैरतजीत कौर, नगर निगम आयुक्त विनय कुमार, शिवालिक विकास बोर्ड के चेयरमैन ओमप्रकाश देवीनगर, नगर निगम के मेयर शाम लाल बंसल, नगर परिषद कालका के चेयरमैन कृष्ण लाल लांबा, प्रदेश उपाध्यक्ष बंतो कटारिया, जिला अध्यक्ष अजय मित्तल, हरियाणा विमुक्त घुमंतू जाति विकास बोर्ड के अध्यक्ष जसमेर सिंह बंजारा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

⚡ SHARE THIS POST
  • Related Posts

    बराड़ा में अवैध पेयजल कनेक्शनों के विरुद्ध विभाग की सख्त कार्रवाई, कई कनेक्शन काटे गए

    अंबाला :(निखिल सोबती)जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बराड़ा में विशेष अभियान चलाया गया। यह अभियान अप मंडल अभियंता सुभाष कागड़ा…

    पुलिस डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, अंबाला शहर में आज ह्यूमन फाउंडेशन संस्था के मार्गदर्शन में “तत्व बोध” प्रोजेक्ट का शुभारंभ

    अंबाला :(निखिल सोबती)पुलिस डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, अंबाला शहर में आज ह्यूमन फाउंडेशन संस्था के मार्गदर्शन में “तत्व बोध” प्रोजेक्ट का शुभारंभ किया गया। इस प्रोजेक्ट का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *