रायपुर रानी में कांग्रेस का मिलन एवं सम्मान समारोह, सांसद वरुण चौधरी ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना

बरवाला, 5 जुलाई (चंद्रपाल राणा) रायपुर रानी में कांग्रेस की ओर से मिलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कांग्रेस के रायपुर रानी ब्लॉक अध्यक्ष कमालदीन सुल्तानपुर के नेतृत्व में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने भाग लिया। समारोह में अंबाला लोकसभा से सांसद वरुण चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने संगठन को मजबूत करने का आह्वान करते हुए भाजपा सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोला।
कार्यक्रम में सांसद वरुण चौधरी ने विशेष रूप से एसआईआर अभियान को लेकर कार्यकर्ताओं को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि वोट का अधिकार देश के लोगों को लंबे संघर्ष और अनेक बलिदानों के बाद मिला है, इसलिए इसे किसी भी स्थिति में हल्के में नहीं लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्र में लोगों को जागरूक करें और पूरी जानकारी के साथ एसआईआर का फॉर्म भरकर समय पर जमा करवाएं, ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से बाहर न हो।
राम मंदिर में चंदा चोरी के मामले पर बोलते हुए सांसद वरुण चौधरी ने सरकार और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इस मामले में आरोपियों का आज तक पुलिस रिमांड नहीं लिया गया, जिससे जांच की निष्पक्षता पर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने पूरे मामले की जांच उच्चतम न्यायालय के किसी न्यायाधीश की निगरानी में कराने की मांग करते हुए कहा कि सच्चाई सामने आनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई होनी चाहिए। सांसद ने कहा कि आज देश में ऐसी सरकार है जिसे लोग “पोर्टल सरकार” के नाम से जानते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आम नागरिकों को उनकी बुनियादी सुविधाओं के लिए भी विभिन्न पोर्टलों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। सरकार ने व्यवस्था को इतना जटिल बना दिया है कि लोगों को अपने अधिकारों और सुविधाओं के लिए लगातार परेशान होना पड़ रहा है।
युवाओं से जुड़े मुद्दों पर बोलते हुए वरुण चौधरी ने कहा कि प्रदेश में लगातार पेपर लीक की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि जितनी हवा साइकिल या मोटरसाइकिल के टायरों से लीक नहीं होती, उससे अधिक आज प्रदेश में पेपर लीक हो रहे हैं। सरकार युवाओं को उनके अपने जिलों में परीक्षा केंद्र उपलब्ध कराने का वादा भी पूरा नहीं कर पा रही है। परीक्षार्थियों को दूर-दराज के जिलों में परीक्षा केंद्र दिए जा रहे हैं, जिससे उन्हें अतिरिक्त आर्थिक और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश का हर वर्ग भाजपा सरकार की नीतियों से परेशान है।
समारोह के दौरान सांसद वरुण चौधरी ने रायपुर रानी ब्लॉक अध्यक्ष कमालदीन सुल्तानपुर की कार्यशैली की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि कमालदीन सुल्तानपुर संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने का कार्य कर रहे हैं और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर कांग्रेस को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की मजबूती के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान भी किया। कार्यक्रम को कांग्रेस पंचायती राज प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष फोम लाल फिरोजपुर, जिला कांग्रेस अध्यक्ष संजय चौहान, कांग्रेस नेता राजेश कोना, ब्लॉक अध्यक्ष कमालदीन सुल्तानपुर, अश्वनी नागरा तथा शरणजीत काका सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया। सभी वक्ताओं ने संगठन की मजबूती, जनहित के मुद्दों और आगामी राजनीतिक चुनौतियों को लेकर कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया। समारोह में अनेक कार्यकर्ताओं का सम्मान भी किया गया तथा कांग्रेस संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया।

⚡ SHARE THIS POST
  • Related Posts

    रोटरी क्लब अंबाला डायमंड का भव्य इंस्टॉलेशन समारोह सम्पन्न।राजन गुप्ता ने अध्यक्ष पद की संभाली जिम्मेदारी

    पांचवा आयामअंबाला : (निखिल सोबती)रोटरी क्लब अंबाला डायमंड का भव्य इंस्टॉलेशन समारोह सम्पन्न।राजन गुप्ता ने अध्यक्ष पद की संभाली जिम्मेदारी, सेवा एवं नेतृत्व के नए संकल्प के साथ नई टीम…

    पीएम मोदी के नेतृत्व में देश रच रहा नए कीर्तिमान, 17 जुलाई को हरियाणा को मिलेंगी बड़ी सौगातें

    पांचवा आयामअंबाला : (निखिल सोबती)स्वच्छता ही स्वागत अभियान के तहत वीरवार को पूर्व मंत्री असीम गोयल नन्यौला ने मानव चौक के नजदीक स्वयं झाडू लगाकर एवं सफाई करके सभी को…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *