पांचवा आयाम अयोध्या (जसबीर/सच कीरत सिंह) श्रावण मास मेले को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालु-केंद्रित बनाने के लिए मंडलायुक्त राजेश कुमार, डीआईजी सोमेन वर्मा और जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने बुधवार को राम की पैड़ी, मणि पर्वत सहित प्रमुख मेला क्षेत्रों का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन और बेहतर सुविधाओं से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होगा।मंडलायुक्त राजेश कुमार ने कहा कि श्रावण मेला आस्था का महापर्व है, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। उन्होंने निर्देश दिए कि हर व्यवस्था समय से पूरी हो, किसी भी शिकायत का तत्काल समाधान किया जाए और श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जाए। सुरक्षा से लेकर यातायात, स्वच्छता, चिकित्सा और आपदा प्रबंधन तक प्रत्येक व्यवस्था की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।निरीक्षण के दौरान स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पार्किंग, यातायात, चिकित्सा सेवाओं, नियंत्रण कक्ष, जल सुरक्षा और आपदा प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने सभी विभागों को निर्धारित समय सीमा के भीतर व्यवस्थाएं पूरी करने और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।डीआईजी सोमेन वर्मा ने भीड़ प्रबंधन, संवेदनशील स्थलों की निगरानी, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और प्रभावी यातायात संचालन पर विशेष जोर देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। वहीं जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने सरयू में स्नान के दौरान जल पुलिस, गोताखोरों, राहत दल और मजबूत बैरिकेडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मेला क्षेत्र में चल रहे विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों को गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूरा करने को कहा, ताकि देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और सुव्यवस्थित वातावरण मिल सके।







