पंचकूला(राजकुमार): राजीव कॉलोनी, वार्ड नंबर-7, सेक्टर-16 पंचकूला में राशन डिपो से जुड़ी एक कथित व्हाट्सऐप चैट सामने आने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। चैट में डिपो होल्डर वीरपाल के नाम से भेजे गए संदेशों में कथित तौर पर लोगों से झंडा लेने की बात कही गई है।वायरल चैट में लिखा गया है कि “दीपू से आकर झंडा ले जाओ, नहीं तो तेल नहीं मिलेगा”। इसके बाद एक अन्य संदेश में कथित तौर पर कहा गया है कि जो कार्ड धारक आज झंडा ले जाएगा, उसी को तेल मिलेगा। चैट में एक झंडे की कीमत 25 रुपये भी बताई गई है।इतना ही नहीं, एक अन्य संदेश में कथित तौर पर लिखा गया है कि “झंडा ले जाओ, दीपू से नहीं तो राशन कार्ड कट दिया जाएगा, फिर बाद में मत करना।” इन संदेशों के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी और चिंता का माहौल बताया जा रहा है।मामले को लेकर सवाल उठ रहे हैं कि क्या राशन जैसी आवश्यक वस्तुओं को किसी अन्य वस्तु की खरीद अथवा झंडा लेने से जोड़ना नियमों के अनुरूप है। यदि वायरल चैट सही पाई जाती है, तो यह गंभीर जांच का विषय हो सकता है।स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से मामले की निष्पक्ष जांच करवाने और वायरल चैट की सत्यता की पुष्टि करने की मांग की है। साथ ही यह भी स्पष्ट किए जाने की मांग की जा रही है कि डिपो होल्डर वीरपाल द्वारा वास्तव में ऐसे निर्देश दिए गए थे या नहीं।







