पांचवा आयाम (जसबीर/ सच कीरत सिंह) अयोध्या:अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली अयोध्या पुलिस ने चोरी के एक मामले का त्वरित खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी गया सामान और नकदी बरामद की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) एवं क्षेत्राधिकारी अयोध्या के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने फटिक शिला रेलवे ब्रिज के तीसरे पिलर के पास दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बस्ती निवासी प्रशांत गौतम तथा बहराइच निवासी नागेंद्र प्रताप शुक्ल के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी गया एक पर्स, आधार कार्ड, ई-श्रम कार्ड, डाकघर की पासबुक, पैन कार्ड की छायाप्रति तथा 2250 रुपये नकद बरामद किए हैं। यह बरामदगी कोतवाली अयोध्या में दर्ज चोरी के मुकदमे से संबंधित है।पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस की धाराओं 303(2) एवं 317(2) के तहत विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। कोतवाली पुलिस की इस कार्रवाई को चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।







