पांचवा आयाम ( जसबीर/ सच कीरत सिंह)अयोध्या:सुलतानपुर:आगामी त्योहारों के मद्देनजर अयोध्या परिक्षेत्र में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पुलिस महानिरीक्षक सोमेन वर्मा ने 24 अगस्त को सुलतानपुर पुलिस लाइन सभागार में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की।बैठक में आगामी त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को लेकर अधिकारियों के साथ विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। आईजी ने संवेदनशील क्षेत्रों, धार्मिक स्थलों और प्रमुख बाजारों में प्रभावी पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया।उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि त्योहारों के दौरान भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ यातायात व्यवस्था को सुचारु रखा जाए। सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक अथवा आपत्तिजनक सूचनाओं पर भी सतर्क निगरानी रखने और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।आईजी सोमेन वर्मा ने कहा कि त्योहारों के दौरान पुलिस की मौजूदगी ऐसी होनी चाहिए जिससे आमजन को सुरक्षा का भरोसा मिले और किसी भी अप्रिय स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके। उन्होंने क्षेत्रीय अधिकारियों और थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर स्थानीय परिस्थितियों की जानकारी रखने को कहा।उन्होंने शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों पर पहले से नजर रखने, संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने और किसी भी सूचना पर त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।बैठक में पुलिस अधीक्षक सुलतानपुर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। आईजी ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए पूरी गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए।








