पांचवा आयाम (जसबीर/सच कीरत सिंह) अयोध्या रामनगरी अयोध्या में दीपोत्सव-2026 को भव्य, दिव्य और गरिमामय स्वरूप देने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रामभक्ति, आस्था और दीपों की अलौकिक छटा से जगमगाने वाली अयोध्या में आयोजन को सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने अयोध्या विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अनुराज जैन, नगर आयुक्त जयेंद्र और मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह सहित संबंधित अधिकारियों के साथ प्रमुख कार्यक्रम स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान हेलीपैड रामकथा पार्क, रामकथा मैदान, राम की पैड़ी, श्री सरयू घाट और साकेत महाविद्यालय मैदान सहित अन्य प्रमुख स्थलों पर दीपोत्सव की तैयारियों का जायजा लिया गया। अधिकारियों से व्यवस्थाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे करने, मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता देने और प्रत्येक आयोजन स्थल पर सुरक्षा, स्वच्छता तथा सुव्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने कहा कि दीपोत्सव अयोध्या की आस्था, सांस्कृतिक विरासत और गौरव का महापर्व है। इसकी गरिमा के अनुरूप सभी तैयारियां समय से पूरी की जाएं। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और प्रत्येक आयोजन स्थल पर व्यवस्थाएं सुचारु रहें। निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता के साथ समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित की जाए।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने सुरक्षा व्यवस्था पर जोर देते हुए कहा कि दीपोत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी प्रमुख स्थलों पर सुरक्षा प्रबंधों की प्रभावी समीक्षा की जाए। पुलिस बल की तैनाती, भीड़ प्रबंधन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थित रखा जाए, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित वातावरण में दीपोत्सव का आनंद ले सकें।मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह ने कहा कि संबंधित विभाग निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार शेष कार्यों को समय से पूरा करें। तैयारियों की नियमित निगरानी के साथ व्यवस्थाओं की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर यह सुनिश्चित किया जाए कि दीपोत्सव के अवसर पर अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं को सुव्यवस्थित और सुविधाजनक वातावरण मिले।जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि शेष कार्यों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध ढंग से पूरा करते हुए व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जाए। उद्देश्य है कि दीपोत्सव-2026 में अयोध्या की आध्यात्मिक गरिमा, सांस्कृतिक वैभव और रामभक्ति की उज्ज्वल परंपरा का ऐसा स्वरूप सामने आए, जो देश-दुनिया से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए अविस्मरणीय अनुभव बने।





