पांचवा आयाम (हनुमान शरण पांडे):गोंडा इंडियन फार्मर फर्टिलाइजर लिमिटेड गोंडा के तत्वाधान में आज दिनांक 8 सितंबर 2026 को ग्राम सीर गौरा विकासखंड मनकापुर जुनपद गोंडा में इफको नैनो जिंक एवं नैनो कॉपर के प्रयोग एवं महत्व विषय पर प्रशिक्षण आयोजित किया गया । डॉ. राम लखन सिंह वरिष्ठ वैज्ञानिक शस्य विज्ञान कृषि विज्ञान केंद्र मनकापुर ने इफको नैनो जिंक तथा नैनो कॉपर के प्रयोग एवं महत्व की जानकारी दी । उन्होंने बताया कि नैनो जिंक तथा नैनो कॉपर के प्रयोग से धान की फसल में रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ जाती है । धान फसल की पत्तियों एवं जड़ का विकास अच्छा होता है । धान में खैरा रोग का प्रकोप नहीं होता है तथा अन्य फफूंद जनित रोगों कै प्रकोप की संभावना कम हो जाती है । धान फसल की पैदावार में वृद्धि होती है । विभाकर तिवारी एसएफए इफको फर्टिलाइजर्स ने बताया कि इफको नैनो जिंक तथा इफको नैनो कॉपर दोनों की एक- एक मिलीलीटर मात्रा को प्रति लीटर पानी में घोल बनाकर छिड़काव किया जाता है । डॉ. मनोज कुमार सिंह उद्यान वैज्ञानिक ने बताया कि औद्यानिक फसलों में इफको नैनो जिंक एवं इफको नैनो कॉपर के प्रयोग से फसलों की पैदावार में वृद्धि होती है । इफको द्वारा प्रगतिशील कृषक महादेव प्रसाद यादव के प्रक्षेत्र पर लगाए गये प्रदर्शन धान प्रजाति 5204 में मौके पर इफको नैनो जिंक तथा इफको नैनो कॉपर का छिड़काव कराया गया । प्रशिक्षण में महादेव प्रसाद यादव, हर्ष यादव, शिवप्रसाद, मेलाराम आदि ने प्रतिभाग कर खेती की तकनीकी जानकारी प्राप्त की ।









