कर्तव्य की मिसाल को भावभीनी विदाई, पुलिस उपमहानिरीक्षक ने कहा—सेवा का समर्पण कभी सेवानिवृत्त नहीं होता

पांचवा आयाम (जसबीर/ सच कीरत सिंह) अयोध्या:पुलिस उपमहानिरीक्षक कार्यालय, अयोध्या परिक्षेत्र में शनिवार को मुख्य आरक्षी डॉ. ओमप्रकाश सिंह एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी अंगदराम के सेवानिवृत्त होने पर भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया। वर्षों तक पुलिस विभाग की निष्ठापूर्ण सेवा देने वाले दोनों कर्मियों को पूरे सम्मान और आत्मीयता के साथ विदाई दी गई। समारोह के दौरान साथ बिताए गए वर्षों की यादें ताजा हुईं तो कई अधिकारी और कर्मचारी भावुक हो उठे। तालियों की गूंज और नम आंखों के बीच दोनों कर्मयोगियों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।पुलिस उपमहानिरीक्षक सोमेन बर्मा ने कहा कि वर्दी का सफर भले एक दिन पूरा हो जाए, लेकिन ईमानदारी, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा से अर्जित सम्मान जीवनभर साथ रहता है। किसी भी संस्था की सबसे बड़ी पूंजी उसके समर्पित कर्मचारी होते हैं, जिन्होंने हर चुनौती के बीच अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन किया। सेवानिवृत्ति सेवा का अंत नहीं, बल्कि अनुभव, संस्कार और प्रेरणा की नई यात्रा की शुरुआत है। डॉ. ओमप्रकाश सिंह एवं अंगदराम ने अपने उत्कृष्ट कार्य, सरल व्यवहार और समर्पण से पुलिस परिवार की गरिमा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। उनका योगदान सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा और पुलिस परिवार उन्हें सम्मान के साथ हमेशा याद रखेगा।
इसके उपरांत पुलिस उपमहानिरीक्षक ने डॉ. ओमप्रकाश सिंह एवं अंगदराम को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके स्वस्थ, सुखद और दीर्घायु जीवन की कामना की। बाद में कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने माल्यार्पण कर उपहार भेंट किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। समारोह में आत्मीयता और सम्मान का ऐसा वातावरण रहा जिसने सभी को भावविभोर कर दिया।कार्यक्रम का संचालन मीडिया सेल प्रभारी उपनिरीक्षक रणजीत यादव ने किया। इस अवसर पर निरीक्षक अरविन्द सिंह, निरीक्षक लेखा सुरेश कुमार मौर्य, गोपनीय सहायक नवीन सिंह, उपनिरीक्षक देवेश त्रिपाठी, उपनिरीक्षक प्रकाश पाण्डेय, उपनिरीक्षक विजय पाण्डेय, उपनिरीक्षक राकेश मिश्रा सहित परिक्षेत्रीय कार्यालय के समस्त पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

⚡ SHARE THIS POST
  • Related Posts

    साइबर ठगी के 2.27 लाख रुपये लौटाए, चार पीड़ितों को राहत—अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण

    पांचवा आयाम ( जसबीर/ सच कीरत सिंह) अयोध्या:साइबर ठगी के मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए अयोध्या साइबर क्राइम थाना पुलिस ने चार शिकायतों में फंसी 2,27,251 रुपये की धनराशि…

    भाजपा नेता नरेश अरोड़ा ने करवाया समस्याओं का समाधान

    पांचवा आयाम (राकेश मिश्रा):चंडीगढ़। सेक्टर-20 मार्केट एसोसिएशन के सहयोग से आयोजित पुलिस-पब्लिक बैठक में मार्केट के दुकानदारों की सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था से जुड़े विषयों पर सार्थक चर्चा हुई।बैठक में डीएसपी…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *