चंडीगढ़ (तानिया रोहिल्ला) : पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने गुलजार सिंह की मौत के मामले को लेकर कांग्रेस और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस इस दुखद घटना से राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही है। मंत्री ने कांग्रेस नेताओं से अपील की कि वे मामले का राजनीतिकरण करने के बजाय कानून को अपना काम करने दें। एक बयान में ईटीओ ने कहा कि गुलजार सिंह की मौत बेहद दुखद और पीड़ादायक घटना है। सरकार ने मामले में पहले ही ठोस कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि घटना की व्यापक जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया गया है। मंत्री के अनुसार, मामले में पांच लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने से संबंधित धाराओं तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। हरभजन सिंह ईटीओ ने कहा कि ऐसे समय में जब परिवार अपने अपूरणीय नुकसान से उबरने की कोशिश कर रहा है, कांग्रेस नेताओं को उनके साथ खड़ा होना चाहिए। इसके बजाय विपक्षी नेता इस दुखद घटना को राजनीतिक मुद्दा बनाने में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच सुनिश्चित कर रही है तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। मंत्री ने कांग्रेस से जांच पूरी होने तक संयम बरतने और जांच एजेंसियों को अपना काम करने देने की अपील की।







