पांचवा आयाम (जसबीर/ सच कीरत सिंह) अयोध्या:तारुन थाना क्षेत्र के चितांवा गांव में ट्यूबेल पर सो रही वृद्ध महिला के साथ हुई लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूट से संबंधित झटका मशीन, चांदी की एक जोड़ी पायल और पांच हजार रुपये बरामद किए हैं। घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल भी पुलिस ने कब्जे में ली है।पुलिस के अनुसार 7/8 अगस्त की मध्यरात्रि करीब 11 बजे से एक बजे के बीच बदमाश ट्यूबेल में घुसे और वृद्ध महिला से 10 हजार रुपये, झटका मशीन तथा पायल, सोने की कील, टॉप्स और लॉकेट जबरन छीन ले गए थे। घटना के अनावरण के लिए गठित टीम ने 18 अगस्त को डगराभारी मोड़ के पास से मो. सफीक निवासी देवरा दाउदपुर, गोशाईगंज और संजय वर्मा निवासी मरथुआ सरैया, अहिरौली, अम्बेडकरनगर को गिरफ्तार किया।
बरामदगी में मो. सफीक के कब्जे से एक जोड़ी पायल और एक हजार रुपये तथा संजय वर्मा के पास से झटका मशीन और पांच हजार रुपये मिले। पुलिस के मुताबिक दोनों अभियुक्तों का लंबा आपराधिक इतिहास है और उनके विरुद्ध अयोध्या तथा अम्बेडकरनगर के विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं। घटना में शामिल एक अन्य अभियुक्त रामू उर्फ शिवराम कुमार निवासी चितांवा, थाना तारुन की तलाश जारी है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बलवंत चौधरी के दिशा-निर्देशन, क्षेत्राधिकारी बीकापुर सुनील कुमार सिंह के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक लालचन्द्र सरोज के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने की। टीम में उपनिरीक्षक जंगबहादुर यादव समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे।पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।








