जीरकपुर/पंचकुला/चंडीगढ़ (दिव्या राणा) : ‘दिव्यविस्ता जड़ों से जुड़ो’ की पांचवीं डिजिटल महिला रामलीला को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। आयोजन की विशेषता यह है कि राम हों, रावण हों या फिर हनुमान—रामायण के सभी प्रमुख पात्रों का मंचन महिलाओं और बेटियों द्वारा ही किया जा रहा है।आयोजन से जुड़ी एकता नागपाल व अध्यक्ष वरिष्ठ भाजपा नेता अरुण सूद ने लोगों से इस अनूठी रामलीला से जुड़ने और महिलाओं के इस प्रयास को प्रोत्साहित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह केवल रामलीला का मंचन नहीं, बल्कि महिलाओं की प्रतिभा, आत्मविश्वास और भारतीय संस्कृति से जुड़ाव का जीवंत उदाहरण है।उन्होंने कहा कि विभिन्न आयु वर्ग की महिलाएं और बेटियां पूरे उत्साह के साथ अपनी भूमिकाओं की तैयारी कर रही हैं। मंचन को आधुनिक डिजिटल तकनीक से भी जोड़ा जा रहा है, ताकि नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और रामायण के मूल्यों से बेहतर ढंग से जोड़ा जा सके।







