चंडीगढ़,(दिव्या राणा):पंजाबी संगीत जगत में प्यार, शिकायत और भावनाओं को नए अंदाज में पेश करने वाला गीत ‘इल्ज़ाम’ चर्चा में है। सुपरस्टार दुर्गा रंगीला के सुपरहिट गीत ‘रब वर्गा सी तेरा यार’ की संगीतमय यादों को आगे बढ़ाते हुए उनकी भतीजी नज़मा खान ने अपने नए गीत ‘इल्ज़ाम’ के जरिए एक अलग भावनात्मक अभिव्यक्ति प्रस्तुत की है। ‘लिख-लिख भेजदी सी खून नाल खत वे’ बोलों वाला यह गीत प्रेम और रिश्तों से जुड़े जज्बातों को आवाज देता है।चंडीगढ़ के सेक्टर 7 स्थित ‘ढाबा-7’ रेस्टोरेंट में वीरवार को इस गीत से जुड़ी जानकारी साझा की गई। गीत को नज़मा खान ने अपनी आवाज दी है, जबकि इसके बोल भट्टी भरीवाला ने लिखे हैं। गीत का संगीत हर्ष रंगीला ने तैयार किया है और वीडियो निर्देशन की जिम्मेदारी बॉबी बाजवा ने संभाली है।गीत की शूटिंग हिमाचल प्रदेश की खूबसूरत चायल की वादियों में की गई है। पहाड़ों के प्राकृतिक नजारों के बीच फिल्माए गए वीडियो में गीत की कहानी और भावनाओं को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया है।
पंजाबी संगीत प्रेमियों के बीच दुर्गा रंगीला के गीत ‘रब वर्गा सी तेरा यार’ की खास पहचान रही है। अब उसी संगीतमय संदर्भ से जुड़कर नज़मा खान का नया गीत ‘इल्ज़ाम’ श्रोताओं के सामने आया है। पुराने गीत की भावनात्मक विरासत और नए गीत की प्रस्तुति का यह मेल पंजाबी संगीत प्रेमियों के लिए खास आकर्षण बन सकता है।






