पंचकूला,(तानिया रोहिल्ला)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक पद पर 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पंचकूला जिला संगठन द्वारा ज़िलेभर में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जाएगा। अभियान में व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित करने हेतु तैयारियों को लेकर गुरूवार को भाजपा मुख्यालय ‘पंचकमल’ के अटल सभागार में जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में कैबिनेट मंत्री डॉ कृष्ण बेदी, जिला अध्यक्ष अजय मित्तल, कालका विधायक शक्ति रानी शर्मा, नगर महापौर श्याम लाल बंसल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता, चेयरमैन धर्मवीर मिर्जापुर, कालका परिषद चेयरमैन कृष्ण लांबा, पूर्व जिला अध्यक्ष विशाल सेठ, दीपक शर्मा, अजय शर्मा, चेयरमैन जसमेर सिंह बंजारा, वाइस चेयरमैन नरेश सेन, बबली शर्मा, पार्षद शेखर पांडे, जिला महामंत्री भवनजीत सिंह, जय कौशिक, जिला एवं मंडल के पदाधकारी बड़ी तादाद में उपस्थित रहे।सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर कैबिनेट मंत्री डॉ कृष्ण बेदी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सार्वजनिक जीवन सेवा, समर्पण और राष्ट्रनिर्माण की भावना से प्रेरित रहा है। उनके नेतृत्व में गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्गों के कल्याण के लिए अनेक ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। डॉ बेदी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस 17 सितंबर से शुरू होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से ज़िले के प्रत्येक वर्ग को जोड़ा जाएगा। पंचकूला जिला संगठन द्वारा ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए विद्यालयों में ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन प्रतियोगिताओं के विषय विकसित भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा कार्यों पर केंद्रित होंगे। ‘नमो सेवा गाथा’ के माध्यम से स्कूलों, कॉलेजों, पंचायतों एवं सार्वजनिक स्थानों पर नुक्कड़ नाटकों का आयोजन कर प्रधानमंत्री मोदी के सेवा कार्यों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाई जाएगी। ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत 17 सितंबर को बूथ स्तर पर लाभार्थी परिवारों से संपर्क कर दीप प्रज्वलित कराया जाएगा। यह दीपक ‘विकसित भारत @ 2047’ के संकल्प का प्रतीक होगा। डॉ कृष्ण बेदी ने बताया कि 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक ‘आंगन का उत्सव’ आयोजित किया जाएगा। इसके अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्रों पर माताओं एवं बच्चों की सहभागिता सुनिश्चित करने के साथ सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी तथा आंगनवाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं का सम्मान किया जाएगा।डॉ बेदी ने बताया कि ‘कहानी बदलाव की’ अभियान के तहत लाभार्थियों एवं नागरिकों की वास्तविक परिवर्तनकारी कहानियों को सामने लाया जाएगा। इसके माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से आए सकारात्मक बदलाव को समाज के सामने रखा जाएगा। प्रत्येक शक्ति केंद्र स्तर पर लाभार्थियों की सफलता की कहानियों पर आधारित रील तैयार करने का भी लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा स्वच्छता, वृक्षारोपण, नशा मुक्त अभियान, रक्तदान शिविर जैसे अनेकों कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।इस अवसर पर जिला अध्यक्ष अजय मित्तल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक पद पर 25 वर्षों की यात्रा सेवा, संघर्ष, संगठन और राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणादायी यात्रा है। अजय मित्तल ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ को केवल संगठनात्मक कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए इसे समाज के प्रत्येक वर्ग से जोडते हुए व्यापक स्वरूप प्रदान किया जायेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन में सेवा को राजनीति का आधार बनाया है। उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ समाज के विभिन्न वर्गों को सेवा, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण के संकल्प से जोड़ने का अवसर है। उन्होंने कहा कि अभियान की सफलता जनभागीदारी और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका से सुनिश्चित की जाएगी।









