चंडीगढ़, , तानिया रोहिल्ला:। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों के काफिले पर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा
हमला किया गया। यह हमला उस समय हुआ, जब केवल सिंह ढिल्लों संगरूर जिले के दिड़बा के गांव तूर बंजारा में ‘आप’ सरकार की कथित धक्केशाही से दुखी होकर आत्महत्या करने वाले गुलजार सिंह के परिवार के साथ संवेदना व्यक्त करने जा रहे थे। उनके साथ गाड़ी में पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनप्रीत सिंह बादल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा भी मौजूद थे।इस मौके पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि आम आदमी पार्टी का शासन गुंडागर्दी का शासन बन गया है, जहां कोई भी सुरक्षित नहीं है। आज आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा उनकी गाड़ी को रोककर हमला किया गया। यह हमला उन पर नहीं, बल्कि लोकतंत्र पर हुआ है। उन्होंने कहा कि वह अपनी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ गुलजार सिंह के परिवार के लिए इंसाफ की आवाज उठाने जा रहे थे, लेकिन रास्ते में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा दिल्ली में बैठे अपने आकाओं के इशारे पर उनकी गाड़ी को घेर लिया गया।उन्होंने कहा कि इससे भी हैरानी की बात यह है कि पुलिस प्रशासन इस दौरान महज 100 मीटर आगे खड़ा होकर तमाशा देख रहा था। सरकार लोगों की आवाज के साथ-साथ विपक्ष की आवाज को भी बंद करने का प्रयास कर रही है। आम आदमी पार्टी शाम, दाम, दंड, भेद की राजनीति पर उतर आई है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के अत्याचारों की सभी हदें पार हो चुकी हैं और इसका अंत अब नजदीक है। पंजाब के स्वाभिमानी लोग इस धक्केशाही का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए तैयार बैठे हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ‘आप’ सरकार के इन हमलों से डरने वाली
नहीं है। सरकार की हर धक्केशाही का डटकर सामना किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि केवल सिंह ढिल्लों और उनके साथ मौजूद भाजपा नेताओं का वापसी के दौरान भी आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा रास्ता रोका गया। लेकिन ढिल्लों और उनके साथ मौजूद भाजपा नेता
गाड़ियों से उतरकर आम आदमी पार्टी द्वारा रोके गए रास्ते की ओर बढ़े और पैदल ही काफिले के साथ रास्ता पार किया।







