लालडू : पंजाब सरकार पर किसानों की अनदेखी किए जाने का आरोप लगाते हुए पूर्व विधायक एनके शर्मा ने लालडू की अनाज मंडी में लगे गेहूं के ढेर के मुद्दे पर सरकार को घेरा है। मंडी की धान की फसल आनी शुरू हो गई है और सरकार अभी तक गेहूं की लिफ्टिंग नहीं करवा सकी है। एनके शर्मा ने आज किसानों के आहवान पर मंडी का दौरा करते हुए किसानों की समस्याएं सुनी। शर्मा ने कहा कि लालडू की अनाज मंडी में गेहूं के ढेर लगे हुए हैं। गेहूं का सीजन कई माह पहले बीत चुका है। इसके बावजूद मंडियों से गेहूं का उठान नहीं हुआ है। दूसरी तरफ किसानों ने धान की फसल मंडी में लानी शुरू कर दी है। मंडी में कहीं धान को सुखाया जा रहा है तो कहीं झरने से सफाई करवाई जा रही है।
सरकार की अनदेखी के चलते मंडी में खुले आसमान के तले फसल पड़ी है। बारिश में किसानों की मेहनत पर पानी फिर सकता है। शर्मा ने कहा कि आने वाले दिनों में मंडी में धान की आवक तेज होगी तो यहां कोई जगह नहीं मिलेगी। किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें साफ दिखाई दे रही हैं। मंडी में अभी तक बारदाने की प्रबंध नहीं हुआ है। शर्मा ने कहा कि पंजाब सरकार सोची समझी साजिश के तहत किसानों को बर्बाद कर रही है। पहले शंभू बॉर्डर पर किसानों पर लाठीचार्ज करवाया गया। इसके बाद किसानों को घरों में नजरबंद किया गया। आप के एक विधायक ने धरने पर बैठे किसानों की ट्रालियां तक चोरी कर ली, जिसकी जांच को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया। एनके शर्मा ने कहा कि मौजूदा सरकार बिजली आपूर्ति करने में बुरी तरह से फेल साबित हुई है। कुप्रबंधन के चलते आज भी आठ से दस घंटे के कट लग रहे हैं। बिजली कटौती के कारण शहरी, ग्रामीण तथा किसान उपभोक्ता परेशान हैं। उन्होंने कहा कि बिजली संकट तथा किसानों के मुद्दे पर बुधवार को डेराबस्सी में एसडीएम दफ्तर के आगे धरना दिया जाएगा। इस अवसर पर सर्कल प्रधान गुरविंद्र सिंह, रोहित रतन, संजू प्रजापति, बिक्रम सिंह सरसीणी, विक्की डहर, बुल्लू राणा, रघुबीर जुनेजा, घनश्याम लाल गुल्ला, गुरजीत कुरली, हरपाल सिंह मगरा समेत कई गणमान्य मौजूद थे।







