अयोध्या (जसबीर/सच कीरत सिंह) लखनऊ। उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के परिचालन विभाग ने मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा के निर्देशन में पहली बार सामान्य एवं सहायक नियम (G&SR) प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया। प्रतियोगिता का उद्देश्य परिचालन कर्मचारियों में रेलवे के संरक्षा नियमों एवं सुरक्षित रेल संचालन के प्रति जागरूकता बढ़ाना, उनके ज्ञान का मूल्यांकन करना तथा सुरक्षा मानकों के प्रभावी अनुपालन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को और मजबूत बनाना रहा।इस अभिनव पहल की परिकल्पना वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक रजनीश वास्तव ने की, जबकि प्रतियोगिता के सफल आयोजन एवं संचालन का दायित्व वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक (सामान्य) पवनीश काटल ने निभाया। कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक नीलिमा सिंह तथा सहायक मंडल परिचालन प्रबंधक राशिदा खातून ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।प्रतियोगिता के दौरान कर्मचारियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, निरंतर सीखने की भावना और संरक्षा संस्कृति को बढ़ावा मिला। यातायात निरीक्षक, लखनऊ-द्वितीय की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि यातायात निरीक्षक, सुल्तानपुर-द्वितीय की टीम उपविजेता रही।उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल ने विश्वास जताया कि भविष्य में भी ऐसे ज्ञानवर्धक एवं संरक्षा-केंद्रित कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, जिससे कर्मचारियों की कार्यकुशलता बढ़ेगी और सुरक्षित, विश्वसनीय एवं उत्कृष्ट रेल संचालन के उच्च मानक और अधिक सुदृढ़ होंगे।







