पंचकूला: (दिव्या राणा), सेक्टर-8 पंचकूला में पेयजल व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से स्थापित नए ट्यूबवेल का आज महापौर श्यामलाल बंसल ने विधिवत लोकार्पण किया। इस अवसर पर हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) के कार्यकारी अभियंता (XEN) योगेश, मार्केट कमेटी बरवाला के चेयरमैन देशराज पोसवाल, हरियाणा शिवालिक विकास बोर्ड के चेयरमैन ओम प्रकाश देवीनगर तथा वार्ड-3 के नगर निगम पार्षद सुरेश वर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।महापौर श्यामलाल बंसल ने कहा कि शहरवासियों को स्वच्छ एवं निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराना नगर निगम और सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि नए ट्यूबवेल के शुरू होने से सेक्टर-8 और आसपास के क्षेत्रों में जलापूर्ति व्यवस्था मजबूत होगी तथा लोगों को लंबे समय तक इसका लाभ मिलेगा।एचएसवीपी के एक्सईएन योगेश ने बताया कि इस ट्यूबवेल के चालू होने से पानी की उपलब्धता बढ़ेगी और क्षेत्र में बेहतर दबाव के साथ नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी।वार्ड-3 के पार्षद सुरेश वर्मा ने कहा कि सेक्टर-8 के निवासियों की लंबे समय से बेहतर पेयजल व्यवस्था की मांग थी, जिसे अब पूरा किया गया है। उन्होंने महापौर श्यामलाल बंसल, हरियाणा सरकार तथा एचएसवीपी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे अपने वार्ड के विकास और नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इस ट्यूबवेल से क्षेत्र के हजारों परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा और भविष्य में भी जनहित के विकास कार्य इसी प्रकार जारी रहेंगे।इस अवसर पर देशराज पोसवाल और ओम प्रकाश देवीनगर ने भी इस जनहितकारी परियोजना की सराहना करते हुए कहा कि पंचकूला में आधारभूत सुविधाओं का लगातार विस्तार हो रहा है, जिससे नागरिकों का जीवन और अधिक सुविधाजनक बन रहा है।







