पांचवा आयाम (जसबीर/ सच कीरत सिंह) अयोध्या मेंबाढ़ की मार झेल रहे परिवारों के लिए राहत की छोटी-सी मदद भी इस कठिन समय में बड़ी उम्मीद बन रही है। अयोध्या में प्रभावित परिवारों तक जरूरी सामान पहुंचाने का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में सोहावल और सदर तहसील क्षेत्रों में कुल 500 बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत किट वितरित की गईं।तहसील सोहावल के बाढ़ राहत शिविर सहारा बाग में बीकापुर विधायक डॉ. अमित चौहान के प्रतिनिधि सूर्य प्रताप श्रीवास्तव की उपस्थिति में 150 परिवारों को राहत किट दी गईं। राहत सामग्री पाकर प्रभावित परिवारों के चेहरों पर कठिन परिस्थितियों के बीच राहत की उम्मीद दिखाई दी।राहत किट में आलू, प्याज, आटा, दाल, चावल, नमक, नहाने की बाल्टी, महिलाओं के लिए सेनेटरी पैड, तिरपाल समेत दैनिक जरूरत की कुल 26 आवश्यक सामग्री शामिल हैं। इन सामग्रियों का उद्देश्य बाढ़ के बीच परिवारों की रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में सहारा देना है।वहीं सदर तहसील के काजीपुर माझा क्षेत्र में भी 350 बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत किट वितरित की गईं। इस तरह एक ही दिन में 500 परिवारों तक सहायता पहुंचाई गई।डॉ. अमित चौहान ने कहा कि बाढ़ की इस कठिन घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा रहना सबसे जरूरी है। जरूरतमंद परिवारों तक राहत सामग्री पहुंचाने का प्रयास लगातार जारी रहेगा, ताकि संकट के बीच किसी परिवार को आवश्यक वस्तुओं के लिए परेशानी न उठानी पड़े।प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों को प्राथमिकता देते हुए प्रभावित परिवारों तक आवश्यक सहायता पहुंचाई जा रही है। संकट की घड़ी में राहत किट सिर्फ सामान नहीं, बल्कि प्रभावित परिवारों के लिए सहारे, संवेदना और भरोसे का संदेश बनकर पहुंच रही हैं।








