पंचकूला(ललित) राजनीति केवल भाषणों और वादों तक सीमित नहीं होती, बल्कि ज़रूरतमंद लोगों की मदद के लिए आगे बढ़ना ही सच्ची जनसेवा कहलाती है। ऐसा ही एक मानवीय उदाहरण पंचकूला के भाजपा पार्षद राकेश गोयल ने पेश किया, जिन्होंने मंगलवार देर रात हरियाणा के विभिन्न जिलों से आए 20 से अधिक छात्र-छात्राओं की मदद कर इंसानियत की मिसाल कायम की।जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 11 बजे हरियाणा के अलग-अलग जिलों से आए छात्र-छात्राएं पंचकूला पहुंचे थे। इन सभी को बुधवार को ताऊ देवीलाल स्टेडियम में आयोजित होने वाली परीक्षा में शामिल होना था। बस देर से पहुंचने के कारण इन विद्यार्थियों के सामने सबसे बड़ी समस्या रात बिताने और भोजन की व्यवस्था की थी। अनजान शहर में देर रात होने के कारण सभी छात्र काफी परेशान और असहाय महसूस कर रहे थे।इसी दौरान पार्षद राकेश गोयल अपने घर की ओर जा रहे थे। रास्ते में उन्होंने बच्चों की भीड़ देखी तो तुरंत अपनी गाड़ी रुकवाई और उनसे बातचीत कर उनकी परेशानी जानी। जब विद्यार्थियों ने बताया कि उनके पास न तो ठहरने की व्यवस्था है और न ही खाने का कोई इंतजाम, तो राकेश गोयल ने बिना देर किए उनकी सहायता का जिम्मा अपने ऊपर ले लिया।उन्होंने सभी विद्यार्थियों के लिए पंचकूला के सेक्टर-20 स्थित एक होटल में रुकने की व्यवस्था करवाई। इतना ही नहीं, उन्होंने स्वयं अपने हाथों से सभी बच्चों को रात का भोजन कराया और आराम से सोने के लिए गद्दों की व्यवस्था भी करवाई। अचानक मिली इस मदद से सभी विद्यार्थियों के चेहरों पर मुस्कान लौट आई और उन्होंने राहत की सांस ली।विद्यार्थियों ने भावुक होकर कहा कि वे इस सहयोग को कभी नहीं भूलेंगे। उनका कहना था कि एक अनजान शहर में जब उन्हें किसी अपने की जरूरत थी, तब राकेश गोयल उनके लिए अभिभावक बनकर सामने आए। सभी ने उनका दिल से धन्यवाद व्यक्त किया।वहीं स्थानीय लोगों ने भी राकेश गोयल की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधि का असली धर्म जनता के सुख-दुख में साथ खड़ा होना है। लोगों ने कहा कि यदि हर जनप्रतिनिधि इसी तरह संवेदनशीलता और सेवा भाव के साथ कार्य करे, तो समाज में विश्वास और अपनापन और अधिक मजबूत होगा।राकेश गोयल की यह पहल एक बार फिर साबित करती है कि मानवता और सेवा का भाव किसी भी पद से बड़ा होता है। देर रात संकट में फंसे विद्यार्थियों के लिए उनकी यह मदद हमेशा यादगार रहेगी और समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।







