लक्ष्मण ने काटी शूर्पणखा की नाक, राम ने किया खरदूषण का वधमंचन देखने आएं हजारों श्रद्धालु

दिव्या राणा, पंचकूला संवाददाता

पंचकूला। सेक्टर-15 में श्री रघुनाथ ड्रामेटिक क्लब और श्रीराम सेवादार ट्रस्ट पंचकूला की ओर से आयोजित रामलीला में शूर्पणखा की नाक काटने और भगवान श्रीराम द्वारा खर-दूषण वध के प्रसंग का भव्य मंचन किया गया। कलाकारों की शानदार प्रस्तुति पर दर्शकों ने जय श्रीराम के जयकारे लगाए। रामलीला देखने के लिए लोगों की भीड़ लगातार बढ़ रही है और दर्शक पूरे उत्साह के साथ धार्मिक मंचन का आनंद ले रहे हैं।

क्लब के प्रधान संजीव मनचंदा, सदस्य एम.आर. गोयल तथा श्रीराम सेवादार ट्रस्ट के मुकेश बंसल और राकेश गोयल ने बताया कि मंचन के दौरान भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण पंचवटी में निवास कर रहे थे। इसी दौरान रावण की बहन शूर्पणखा वहां पहुंची। दोनों राजकुमारों को देखकर वह उन पर मोहित हो गई और विवाह का प्रस्ताव रखने लगी। श्रीराम और लक्ष्मण द्वारा प्रस्ताव ठुकराए जाने पर शूर्पणखा क्रोधित हो गई और उसने माता सीता पर हमला करने का प्रयास किया। इसके बाद भगवान श्रीराम के संकेत पर लक्ष्मण ने शूर्पणखा की नाक और कान काट दिए।

महासचिव आकाश शर्मा और राज मित्तल ने बताया कि अपमानित शूर्पणखा अपनी कटी नाक लेकर अपने भाइयों खर और दूषण के पास पहुंची। इसके बाद खर-दूषण अपनी सेना के साथ भगवान श्रीराम और लक्ष्मण से युद्ध करने निकल पड़े। दोनों पक्षों के बीच भीषण युद्ध हुआ, जिसमें भगवान श्रीराम ने खर-दूषण का वध कर दिया। इसके बाद शूर्पणखा लंकापति रावण के दरबार में पहुंची और उसे पूरी घटना बताई। अपनी बहन का अपमान सुनकर रावण क्रोधित हो उठा और उसने इसका बदला लेने का संकल्प लिया। रामलीला के आगामी प्रसंग में सीता हरण का मंचन किया जाएगा।

सीता हरण के दृश्य को लेकर भी दर्शकों में खास उत्साह है। सीनरी डायरेक्टर सुशील शर्मा, बृजेश कुमार और बलविंदर सिंह ने बताया कि आगामी मंचन में रावण का 50 फुट हवा में उड़ता हुआ पुष्पक विमान दिखाया जाएगा, जिसके माध्यम से रावण माता सीता का हरण कर उन्हें लंका ले जाता हुआ दिखाई देगा। यह दृश्य रामलीला का प्रमुख आकर्षण रहेगा।

आयोजकों ने वार्ड पार्षद जय कौशिक के सहयोग की भी सराहना की। उन्होंने बताया कि जय कौशिक पिछले कई वर्षों से क्लब के साथ जुड़े हुए हैं और जरूरत पड़ने पर हरसंभव सहयोग प्रदान करते हैं। क्लब की ओर से किए गए आग्रह पर वे तुरंत सहायता के लिए आगे आते हैं, जिससे आयोजन को बेहतर ढंग से संपन्न कराने में मदद मिलती है।

इस ऐतिहासिक रामलीला को देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे। इस अवसर पर संजीव मनचंदा, नितिन शर्मा, नरेश मल्होत्रा, एम.आर. गोयल, लक्ष्मण खाना, कीरत सिंह, पुनीत जिंदल, मुकेश बंसल, राकेश गोयल, हरिंदर शर्मा, मनदीप सिंह, विकास गोयल, डी.पी. जिंदल, सुभाष छोकरा, सुनील सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

⚡ SHARE THIS POST
  • Related Posts

    अयोध्या कैंट में मां पाटेश्वरी की महिमा का गुणगान, महाष्टमी पर शक्ति और भक्ति का संदेश

    पांचवा आयाम( जसबीर/ सच कीरत सिंह) अयोध्या अध्यक्ष रामयश यादव बोले—मां दुर्गा की आराधना अन्याय के विरुद्ध संघर्ष और नारी सम्मान की देती है प्रेरणाअयोध्या कैंट। शारदीय नवरात्रि की महाष्टमी…

    मेयर श्यामलाल बंसल ने मिठाई खिलाकर मंदिर निर्माण कार्य का किया शुभारंभ, श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील

    पंचकूला के वार्ड नंबर-7 में श्रद्धालुओं के लिए खुशखबरी है। अब शहर में नीम करोली बाबा और हनुमान महाराज के दर्शन करने का अवसर मिलेगा। वार्ड नंबर-7 में नीम करोली…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *