चण्डीगढ़, (तानिया रोहिल्ला) : केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने आज गुरुग्राम के गांव डाबोधा में शहीद सूबेदार नरेश कुमार की प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि देश के बहादुर सैनिक देश की सीमाओं की रक्षा करते हैं, जिससे नागरिक सुरक्षित माहौल में जीवन व्यतीत कर पाते हैं। राव इंद्रजीत सिंह ने इस अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा और खुशहाली में सैनिकों तथा उनके परिवारों का योगदान सर्वोपरि है। उन्होंने शहीद के परिवार, गांव के बुजुर्गों, पूर्व तथा मौजूदा सरपंचों, जनप्रतिनिधियों और पूर्व सैनिकों और नागरिकों का भी धन्यवाद किया, जो अलग-अलग स्थानों से इस कार्यक्रम में शामिल हुए। केंद्रीय मंत्री ने युवाओं का आह्वान किया कि वे नशे से पूरी तरह दूर रहें और स्वस्थ जीवनशैली को अपनाकर देश सेवा के लिए स्वयं को तैयार करें। उन्होंने कहा कि आज के युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं और उन्हें अपनी ऊर्जा सकारात्मक दिशा में लगानी चाहिए। युवाओं को सेना में भर्ती होकर राष्ट्र की सुरक्षा में योगदान देने के साथ-साथ खेलों के क्षेत्र में भी आगे बढ़ना चाहिए।







