पंचकूला : अमरनाथ अग्रवाल धार्मिक स्थल बस यात्रा में एक धार्मिक जत्थे को हरिद्वार की यात्रा करवाई गई। लोगों ने गंगा जी में डूबकी भी लगाई और मनोकामनाएं मांगी। श्रद्धालु बस यात्रा में जाते और आते हुए भजन गा रहीं थी। उत्साह देखते ही बन रहा था। महिलाओं ने पंचकूला के पूर्व मेयर कुलभूषण गोयल द्वारा अपने पिता एवं प्रसिद्ध समाजसेवी स्व. लाला अमरनाथ अग्रवाल की याद में शुरु की गई बस यात्रा के लिए आभार व्यक्त किया। उनका कहना था कि इस निशुल्क बस यात्रा में पारिवारिक माहौल देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने कहा कि पहली बार उन्हें इस यात्रा में सम्मिलित होने का अवसर मिला। बस में किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं आती है। बस निर्धारित स्थल पर श्रद्धालुओं को ले जाती है और उसके बाद श्रद्धालु सुगमता से भगवान के दर्शन करके वापिस उसी स्थल पर पहुंच जाते हैं, जिसके बाद अगली सुबह यात्रियों को लेकर बस आती है और वापस माता मनसा देवी गोधाम छोड़ दिया जाता है। एएनए ग्रुप की ओर से पंचकूला में सेवानिवृत्त लोगों की संख्या बहुत अधिक है और उन्हें धार्मिक स्थलों पर ले जाने के लिए यह बस यात्रा शुरू की गई थी, जिसमें हर सप्ताह लगभग 35 लोगों को धार्मिक यात्रा करवाई जा रही है। लोग इस यात्रा से काफी प्रसन्न है और अपने परिवार एवं साथियों के साथ सप्ताहांत में धार्मिक स्थलों पर घूमकर प्रभु के दर्शन कर लेते हैं। इसका आयोजन इस बार अमरावती एजुकेशन सोसाइटी की ओर से किया जा रहा है। बस माता मनसा देवी गोधाम पंचकूला मनसा देवी कंपलेक्स से चलेगी और वापिस यात्रियों को यहीं पर छोड़ेगी। कुलभूषण गोयल ने कहा कि बुजुर्ग इस यात्रा का लाभ अवश्य उठाएं। यात्रियों से आने-जान का कोई भी किराया नहीं लिया जाता।







