पांचवां आयाम (जसबीर/सच कीरत सिंह), अयोध्या।आगामी श्रावण मास मेला एवं कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से अयोध्या पुलिस ने जनपद के विभिन्न थानों में डीजे संचालकों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। यह अभियान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर के निर्देशन में चलाया गया।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने कहा कि धार्मिक आस्था से जुड़े आयोजनों की गरिमा बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। डीजे संचालक निर्धारित मानकों, ध्वनि प्रदूषण संबंधी नियमों तथा प्रशासन के निर्देशों का पूरी निष्ठा से पालन करें। किसी भी प्रकार की लापरवाही, नियमों का उल्लंघन या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधि पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना है, जिसमें सभी नागरिकों का सहयोग अपेक्षित है।क्षेत्राधिकारी रुदौली अरविंद सोनकर ने कहा कि श्रावण मेला और कांवड़ यात्रा आस्था एवं अनुशासन का पर्व है। सभी डीजे संचालक प्रशासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा ध्वनि सीमा और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि पुलिस हर गतिविधि पर सतर्क निगरानी रखे हुए है और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी से आपसी सौहार्द बनाए रखते हुए प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।बैठक में पुलिस अधिकारियों ने डीजे संचालकों से निर्धारित ध्वनि सीमा का पालन करने, बिना अनुमति डीजे का संचालन न करने, जुलूसों के दौरान यातायात व्यवस्था में सहयोग करने तथा अफवाहों से दूर रहकर प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखने की अपील की। पुलिस ने स्पष्ट किया कि श्रावण मेला और कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।









