पांचवा आयाम ( जसबीर/ सच कीरत सिंह) अयोध्या:साइबर ठगी के मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए अयोध्या साइबर क्राइम थाना पुलिस ने चार शिकायतों में फंसी 2,27,251 रुपये की धनराशि वापस कराने में सफलता हासिल की। कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर के मार्गदर्शन में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण/नोडल अधिकारी साइबर क्राइम बलवंत चौधरी और क्षेत्राधिकारी साइबर क्राइम के नेतृत्व में की गई।
चार अलग-अलग मामलों में ऑनलाइन कोर्स के नाम पर ठगी, दूसरे खाते में रकम चले जाने से जुड़ी साइबर धोखाधड़ी और क्रेडिट कार्ड से रकम निकाले जाने की शिकायतें राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर दर्ज हुई थीं। शिकायत मिलते ही साइबर टीम ने संबंधित खाताधारकों और मर्चेंट से समन्वय स्थापित कर कार्रवाई तेज की और 46,000, 45,000, 67,321 तथा 68,930 रुपये शिकायतकर्ताओं को वापस करा दिए।अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बलवंत चौधरी ने कहा कि साइबर अपराध में समय पर सूचना मिलने से ठगी की रकम को रोकने और वापस कराने की संभावना बढ़ जाती है। क्षेत्राधिकारी साइबर क्राइम ने नागरिकों से संदिग्ध कॉल, संदेश और लिंक से सावधान रहने तथा ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर सूचना देने की अपील की।कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक मो. अरशद, हेड कांस्टेबल राजकुमार गौंड, कांस्टेबल अतुल यादव तथा महिला कांस्टेबल रोली सिंह और मनीषा मौर्या शामिल रहीं।






