चंडीगढ़, (दिव्या राणा) : हरियाणा में संगठित अपराध और विदेशों में छिपकर आपराधिक गतिविधियों को संचालित करने वाले वांछित अपराधियों के खिलाफ हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ), हरियाणा द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में एसटीएफ हरियाणा ने 24 सितंबर 2026 को मलेशिया से एक वांछित गैंग सदस्य का सफलतापूर्वक डिपोर्टेशन करवाकर उसे भारत वापस लाया है। यह वर्ष 2026 में एसटीएफ हरियाणा द्वारा करवाया गया 15वां सफल डिपोर्टेशन है।
- संगठित अपराध से जुड़े वांछित आरोपी पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कार्रवाई,दो राज्यों में दर्ज हैं गंभीर आपराधिक मामले यह जानकारी डीआईजी एसटीएफ सुरेन्द्र नरवाल ने अम्बाला में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस के दौरान दी। उन्होंने बताया कि डिपोर्ट किया गया आरोपी हरियाणा में सक्रिय संगठित आपराधिक नेटवर्क से जुड़ा रहा है तथा फिरौती/रंगदारी, संगठित अपराध और आर्म्स एक्ट से संबंधित आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है। उसकी आपराधिक गतिविधियों का संबंध हरियाणा के करनाल एवं कुरुक्षेत्र तथा राजस्थान क्षेत्र से रहा है। आरोपी के विरुद्ध कुल दो आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी के विरुद्ध थानेसर, जिला कुरुक्षेत्र तथा राजस्थान में आपराधिक मामला दर्ज है।
- एलओसी और रेड कॉर्नर नोटिस के जरिए बढ़ाया गया अंतरराष्ट्रीय दबाव
वांछित आरोपी के विदेश में होने की जानकारी के बाद उसे भारत वापस लाने के लिए एसटीएफ हरियाणा द्वारा इंटरनेशनल एजेंसियों के साथ समन्वय करते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई। आरोपी के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी किया गया तथा रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी किया गया। आरोपी का पासपोर्ट भी 16 मई 2026 को निरस्त किया गया।
- मार्च 2024 में मलेशिया हुआ था फरार
प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी ने 4 मार्च 2024 को अमृतसर, पंजाब एयरपोर्ट से कुआलालंपुर, मलेशिया की यात्रा की थी। इसके बाद वह विदेश में रह रहा था। एसटीएफ हरियाणा द्वारा लगातार की गई तकनीकी एवं इंटेलिजेंस आधारित कार्रवाई तथा संबंधित राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के साथ कोऑर्डिनेशन के परिणामस्वरूप उसे मलेशिया से डिपोर्ट करवाकर भारत लाया गया।
- 2026 में अब तक 15 सफल डिपोर्टेशन
एसटीएफ हरियाणा द्वारा विदेशों में छिपे वांछित अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई को लगातार तेज किया जा रहा है। वर्ष 2026 में अब तक 15 वांछित अपराधियों का सफल डिपोर्टेशन करवाया जा चुका है। एसटीएफ द्वारा इंटरपोल, संबंधित केंद्रीय एजेंसियों तथा विदेशी कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ निरंतर समन्वय स्थापित कर विदेशों में छिपे वांछित अपराधियों को ट्रैक करने और उन्हें कानूनी प्रक्रिया के तहत भारत वापस लाने की कार्रवाई की जा रही है।
- विदेश में छिपकर अपराध संचालित करने वालों पर एसटीएफ की पैनी नजर
एसटीएफ हरियाणा संगठित अपराध के खिलाफ अपनी कार्रवाई को केवल राज्य की सीमाओं तक सीमित न रखते हुए इंटर-स्टेट और इंटरनेशनल नेटवर्क तक लगातार विस्तारित कर रही है। तकनीकी सर्विलांस, इंटेलिजेंस इनपुट, इंटरपोल चैनल और अन्य कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ कोऑर्डिनेशन के माध्यम से विदेशों में छिपे वांटेड अपराधियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। हरियाणा पुलिस का स्पष्ट फोकस संगठित आपराधिक नेटवर्क को कमजोर करना, वांटेड अपराधियों को कानून के शिकंजे में लाना तथा प्रदेश में कानून-व्यवस्था और आमजन की सुरक्षा को मजबूत बनाए रखना है।






