चंडीगढ़ (राज कुमार) : हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के लगातार तीसरे कार्यकाल के दो वर्ष पूरे होने पर मुख्यमंत्री ने प्रेस वार्ता कर सरकार की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं का विवरण प्रस्तुत किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र और प्रदेश की डबल इंजन सरकार हरियाणा को विकास, निवेश, रोजगार और जनकल्याण के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता ने तीसरी बार सरकार को सेवा का अवसर दिया है और सरकार इस जिम्मेदारी को ईमानदारी, सेवा भाव और जवाबदेही के साथ निभा रही है।मुख्यमंत्री ने नवरात्रों की शुभकामनाएं देते हुए प्रदेशवासियों को आगामी त्योहारों की अग्रिम बधाई भी दी।स्वीडन और सिंगापुर से निवेश के प्रस्ताव मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि हाल ही में स्वीडन दौरे के दौरान प्रमुख औद्योगिक कंपनियों के साथ बैठकें की गईं। इन बैठकों के माध्यम से प्रदेश में लगभग 4,000 करोड़ रुपये के निवेश के लिए सहमति बनी है, जिससे 11,000 से अधिक नए रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है।उन्होंने बताया कि इससे पहले सिंगापुर दौरे के दौरान भी विभिन्न कंपनियों के साथ बातचीत हुई थी। वहां लगभग 5,500 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों पर सहमति बनी। इनमें स्वास्थ्य एवं वेलनेस क्षेत्र में 3,000 करोड़ रुपये, जल उपचार एवं प्रबंधन में 1,500 करोड़ रुपये और शिक्षा क्षेत्र में 1,000 करोड़ रुपये के प्रस्ताव शामिल हैं।मुख्यमंत्री के अनुसार, सिंगापुर की कंपनियों के सहयोग से पंचकूला, करनाल, हिसार, सोनीपत और रोहतक को ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर तथा तकनीक आधारित कारोबार के प्रमुख विकास केंद्रों के रूप में विकसित करने की योजना है। दोनों विदेशी दौरों के दौरान निवेशकों और उद्योगपतियों को अप्रैल 2027 में प्रस्तावित हैपनिंग हरियाणा ग्लोबल इन्वेस्टर समिट के लिए भी आमंत्रित किया गया।प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हरियाणा को मिली विकास परियोजनाएं मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हरियाणा से विशेष जुड़ाव रहा है। प्रधानमंत्री ने प्रदेश को 86 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात दी है। केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत हरियाणा को सात लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि प्राप्त होने की बात भी मुख्यमंत्री ने कही।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने में हरियाणा अग्रणी भूमिका निभाएगा। मुख्यमंत्री ने जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन परियोजना के शुभारंभ का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में आधुनिक बुनियादी ढांचे और औद्योगिक विकास को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है।किसानों के लिए MSP और आर्थिक सहायता पर जोर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की सभी 24 फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर करने की व्यवस्था के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि खरीफ सीजन 2024 में बारिश में देरी के कारण किसानों को राहत देने के लिए 2,000 रुपये प्रति एकड़ की दर से कुल 1,345 करोड़ रुपये का बोनस दिया गया।उनके अनुसार, पिछले दो वर्षों में किसानों के खातों में 7,882 करोड़ रुपये पहुंचाए गए। बाजरे की भावांतर भरपाई योजना के तहत लगभग एक लाख 56 हजार किसानों को 360 करोड़ रुपये की सहायता दी गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसानों की आय और कृषि क्षेत्र को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है।गरीब परिवारों को आवास और गैस सिलेंडर में राहत मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीब परिवारों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना और मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में 100 वर्ग गज तथा शहरी क्षेत्रों में 30 वर्ग गज के प्लॉट की रजिस्ट्री पर स्टांप ड्यूटी में छूट देने की जानकारी दी गई।उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जरूरतमंद परिवारों को 1.56 लाख मकान उपलब्ध कराए गए हैं। गरीब परिवारों को 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने की योजना का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक 14 लाख 65 हजार लाभार्थियों को लगभग 380 करोड़ रुपये की सब्सिडी दी जा चुकी है।इसके अलावा पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत प्रदेश में 1,50,538 सोलर रूफटॉप लगाए जाने की जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि सफाई कर्मचारियों की कार्य के दौरान मृत्यु होने पर दुर्घटना बीमा राशि पांच लाख रुपये से बढ़ाकर दस लाख रुपये कर दी गई है।बिना पर्ची-बिना खर्ची 46,500 युवाओं को नौकरीमुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने युवाओं को रोजगार देने के मुद्दे पर कहा कि प्रदेश सरकार ने पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से पिछले दो वर्षों में 46,500 युवाओं को सरकारी नौकरी दी है। उन्होंने दावा किया कि पिछले 12 वर्षों में लगभग दो लाख युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की जा चुकी हैं।मुख्यमंत्री ने जुलाई 2025 में आयोजित कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (CET) का उल्लेख करते हुए बताया कि परीक्षा में 13 लाख 48 हजार अभ्यर्थियों ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि सरकार ने संकल्प पत्र के वादे के अनुसार अभ्यर्थियों के परीक्षा केंद्रों तक आने-जाने का खर्च भी वहन किया।उन्होंने बताया कि प्रदेश में 885 रोजगार मेलों और प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया है। युवाओं को आधुनिक तकनीकी कौशल प्रदान करने के लिए गुरुग्राम और फरीदाबाद में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किए गए हैं, जबकि करनाल, पानीपत और पंचकूला में जिला कौशल केंद्र खोले गए हैं।शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में विकासमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उनके अनुसार, पिछले 12 वर्षों में हरियाणा में 84 राजकीय महाविद्यालय खोले गए हैं और मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़कर 18 हो गई है।उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक कौशल प्रशिक्षण और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि हरियाणा विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंच सके।पांच लाख करोड़ के निवेश और दस लाख रोजगार का लक्ष्य औद्योगिक विकास का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार ने मेक इन हरियाणा औद्योगिक नीति-2026 के साथ दस सेक्टोरल नीतियां लागू की हैं। इन नीतियों के तहत अगले पांच वर्षों में पांच लाख करोड़ रुपये का निवेश आकर्षित करने और दस लाख नए रोजगार के अवसर पैदा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।उन्होंने कहा कि सरकार उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार कर रही है, जिससे प्रदेश में नए निवेश आएं, स्थानीय युवाओं को रोजगार मिले और हरियाणा आर्थिक रूप से और मजबूत बने।कुरुक्षेत्र में सिख संग्रहालय का शिलान्यास मुख्यमंत्री ने कुरुक्षेत्र में 164 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले सिख संग्रहालय का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास के साथ-साथ ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने पर भी ध्यान दिया जा रहा है।जनता के विश्वास पर खरा उतरना सरकार की प्राथमिकताप्रेस वार्ता के अंत में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा की जनता ने तीसरी बार भाजपा को सेवा का अवसर देकर अपना विश्वास जताया है। सरकार किसानों, युवाओं, महिलाओं, गरीब परिवारों और उद्योग जगत के हितों को ध्यान में रखकर काम कर रही है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के लक्ष्य में हरियाणा का योगदान महत्वपूर्ण होगा। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को सरकार के दो वर्ष पूरे होने पर बधाई देते हुए भरोसा दिलाया कि जनकल्याण, पारदर्शिता, रोजगार और विकास के कार्य आगे भी जारी रहेंगे।






