अयोध्या (जसबीर/ सच किरत): समाजवादी पार्टी छात्र सभा के प्रदेश सचिव देवा वास्तव को दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों, नौजवानों और महिलाओं के साथ कथित अत्याचार के विरोध में सरयू नदी की ओर प्रस्तावित कार्यक्रम में शामिल होने से पहले पुलिस ने हाउस अरेस्ट कर लिया। पार्टी नेताओं ने इस कार्रवाई को लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए विरोध दर्ज कराया।समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राकेश यादव एडवोकेट ने बताया कि देवा वास्तव के साथ कई अन्य कार्यकर्ताओं को भी उनके आवास पर ही रोक दिया गया। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराने जा रहे कार्यकर्ताओं को हाउस अरेस्ट करना लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है।उन्होंने बताया कि हाउस अरेस्ट किए गए लोगों में छात्र सभा के प्रदेश सचिव देवा वास्तव, महिला महानगर अध्यक्ष अपर्णा जायसवाल, अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष विद्याभूषण पासी, युवजन सभा के जिला उपाध्यक्ष शैलेंद्र वास्तव तथा सीमा पासी सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे। पार्टी ने इस कार्रवाई की निंदा करते हुए इसे जनआवाज दबाने का प्रयास बताया।







