अयोध्या में मूर्तिकार के अचानक गायब होने से अधूरी रह गईं 125 दुर्गा प्रतिमाएं, समितियों की बढ़ी चिंता

पांचवा आयाम (जसबीर/ सच कीरत सिंह) : अयोध्या देवकाली क्षेत्र में दुर्गा प्रतिमाएं तैयार कर रहा मूर्तिकार उत्तम पाल अपनी टीम के साथ अचानक लापता हो गया। उसके अचानक चले जाने की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में दुर्गा पूजा समितियों से जुड़े लोग मूर्ति निर्माण स्थल पर पहुंच गए। मौके पर पुलिस बल भी तैनात रहा। केंद्रीय दुर्गा पूजा एवं रामलीला समन्वय समिति के अध्यक्ष मनोज जायसवाल भी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सूत्रों के अनुसार, उत्तम पाल के पास अयोध्या शहर, ग्रामीण क्षेत्रों और आसपास के अन्य जनपदों की करीब 125 दुर्गा प्रतिमाओं के ऑर्डर थे। समितियों के पदाधिकारियों और आयोजकों ने प्रतिमाओं की बुकिंग के लिए अग्रिम धनराशि भी दे रखी थी। निर्माण स्थल पर अधिकांश प्रतिमाएं अभी आधी-अधूरी अवस्था में बताई जा रही हैं। ऐसे में मूर्तिकार के अचानक गायब होने से उन समितियों की चिंता बढ़ गई है, जिन्हें जल्द ही प्रतिमाएं स्थापित कर पूजा-अर्चना शुरू करनी है। मूर्ति निर्माण से जुड़े लोगों के अनुसार, बांस उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति का भी करीब दो लाख रुपये बकाया बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि रात करीब दो बजे के बाद सीसीटीवी फुटेज में उत्तम पाल अपनी टीम के साथ वहां से जाता हुआ दिखाई दिया। इसके बाद से उसके और उसकी टीम के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। मूर्ति निर्माण स्थल पर समितियों के लोगों की भीड़ जुटने से स्थिति को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। जिन लोगों ने महीनों पहले आस्था और उम्मीद के साथ दुर्गा प्रतिमाओं का ऑर्डर दिया था, वे अब अधूरी प्रतिमाओं को देखकर परेशान नजर आ रहे हैं। आयोजकों के सामने सबसे बड़ी चिंता यह है कि पूजा शुरू होने से पहले इन प्रतिमाओं को पूरा कैसे कराया जाएगा। खबर सूत्रों के आधार पर है। खबर भेजे जाने तक मूर्तिकार उत्तम पाल के फरार होने अथवा पूरे मामले को लेकर किसी प्रशासनिक अधिकारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

⚡ SHARE THIS POST
  • Related Posts

    विकसित भारत-2047 के निर्माण में आर्किटेक्ट्स की अहम भूमिका: सतनाम सिंह संधू

    चंडीगढ़: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत-2047’ के विजन को साकार करने में आर्किटेक्ट्स की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। इनोवेटिव, सस्टेनेबल और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने…

    सेक्टर-30 में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित, करीब 200 लोगों ने लिया लाभ

    चंडीगढ़ : प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आज सेक्टर-30 स्थित भारती भवन में…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *