चंडीगढ़, (तानिया रोहिल्ला)।पंजाब भाजपा महिला मोर्चा की राज्य प्रधान जय इंदर कौर के नेतृत्व में आज सैकड़ों महिला भाजपा कार्यकर्ताओं ने चंडीगढ़ में सड़कों पर उतरकर कांग्रेस पार्टी के खिलाफ रोस प्रदर्शन किया। इस मौके पर भारी संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात थे और बैरिकेड्स लगाकर रास्ते बंद किए गए थे। पुलिस द्वारा रोके जाने के कारण महिला मोर्चा की कार्यकर्ता कांग्रेस दफ्तर तक तो नहीं पहुंच सकीं, लेकिन इस दौरान उनकी महिला पुलिसकर्मियों के साथ लंबी झड़प हुई और राज्य महिला मोर्चा प्रधान जय इंदर कौर समेत महिलाओं को पुलिस द्वारा हिरासत में ले लिया गया। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने नारेबाजी की और “कांग्रेस मुर्दाबाद” के जोरदार नारे लगाए।पत्रकारों से बातचीत करते हुए जय इंदर कौर ने खुलासा किया कि जेएनयू की 11 छात्राओं ने प्रोफेसर और कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजाम पर यौन शोषण और मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए थे। यूनिवर्सिटी की आंतरिक समिति द्वारा की गई जांच में ये आरोप सच पाए गए। इसके बाद जेएनयू प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए 9 अक्टूबर 2026 को उन्हें तुरंत प्रभाव से यूनिवर्सिटी की सेवा से बर्खास्त कर दिया।जय इंदर कौर ने सवाल उठाया कि कांग्रेस के बड़े नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे महिलाओं की सुरक्षा के बारे में बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, लेकिन अपनी ही पार्टी के सांसद के खिलाफ लगे इन गंभीर आरोपों पर पूरी तरह चुप क्यों हैं? उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी एक “यौन शोषण करने वाले” व्यक्ति को बचाने की कोशिश कर रही है।अपने संबोधन में उन्होंने याद दिलाया कि जब संसद में मोदी सरकार महिलाओं को बराबर के हक देने के लिए नारी शक्ति वंदन अधिनियम बिल लेकर आई थी, तो कांग्रेस नेताओं और राहुल गांधी ने इसका विरोध किया था। कांग्रेस ने हमेशा महिलाओं को पीछे रखा है, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं को मजबूत करते हुए बराबर के हक प्रदान किए हैं।इस मौके पर प्रदर्शनकारी महिलाओं ने कांग्रेस लीडरशिप से मांग की कि राहुल गांधी दोषी सांसद को तुरंत कांग्रेस पार्टी से बाहर करें और उनका लोकसभा से इस्तीफा दिलाएं। इसके साथ ही उन्होंने मांग की कि कांग्रेस लीडरशिप पीड़ित 11 छात्राओं से सार्वजनिक तौर पर माफी मांगे और दोषी सांसद के खिलाफ तुरंत और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।







