क्या हम अपने बच्चों का बचपन छीन रहे हैं?

छत्तीसगढ़ ( दिया रघुवंशी ) : सरस्वती धानेश्वर आज के बदलते परिवेश में बचपन का चेहरा भी बदल रहा है। यह परिवर्तन केवल समय का नहीं, जीवनशैली का भी है। इसी परिवर्तन को देखते हुए मन में एक प्रश्न उठता है—क्या हम अपने बच्चों का बचपन छीन रहे हैं?
हम अपने बच्चों के लिए क्या नहीं कर रहे? अच्छे स्कूल, बेहतर सुविधाएँ, आधुनिक संसाधन और सुरक्षित भविष्य के सपने—सब कुछ देने का प्रयास कर रहे हैं। लेकिन इस प्रयास में कहीं ऐसा तो नहीं कि हम उनसे उनका बचपन छीन रहे हैं, बेशक
तकनीक ने जीवन को सरल बनाया है और बच्चों के लिए सीखने के नए अवसर भी खोले हैं। किंतु हर सुविधा अपने साथ कुछ चुनौतियाँ भी लाती है। आज मोबाइल और सोशल मीडिया बच्चों की दिनचर्या का ऐसा हिस्सा बन चुके हैं कि उनके प्रभाव पर गंभीरता से विचार करना आवश्यक हो गया है।

एक समय था जब बच्चों की शामें खेल के मैदानों में बीतती थीं। मिट्टी से सने हाथ, दोस्तों के साथ खेल, हार-जीत के अनुभव और खुला आकाश उनके व्यक्तित्व को आकार देते थे। आज वही बचपन धीरे-धीरे स्क्रीन तक सिमटता जा रहा है।
चिंता केवल इतनी नहीं है कि बच्चे मोबाइल अधिक देख रहे हैं। चिंता यह है कि वे जीवन को कम और स्क्रीन को सबसे ज्यादा देख रहे हैं। उनके पास सूचनाएँ बढ़ रही हैं, लेकिन अनुभव घट रहे हैं। वे दुनिया से जुड़ रहे हैं, पर अपने आसपास के लोगों से दूर होते जा रहे हैं।

बचपन वह अवस्था होती है जहाँ संवेदनाएँ जन्म लेती हैं, रिश्तों की समझ विकसित होती है और बच्चे दूसरों के सुख-दुःख को महसूस करना सीखते हैं।
यदि कोई बच्चा परिवार के बीच रहकर भी संवाद से दूर है, तो यह केवल व्यवहार का परिवर्तन नहीं, बल्कि सामाजिक संरचना में आ रहा एक गहरा बदलाव है।
यह भी सच है कि आज माता-पिता अनेक दबावों के बीच जीवन जी रहे हैं। व्यस्तता और समयाभाव के कारण मोबाइल बच्चों को व्यस्त रखने का आसान साधन बन जाता है। लेकिन सुविधा और आवश्यकता के बीच की दूरी कब निर्भरता में बदल जाती है, इसका पता अक्सर देर से चलता है।

समस्या तकनीक नहीं, उसका असंतुलित उपयोग है। बच्चे वही सीखते हैं, जो वे अपने आसपास देखते हैं। यदि परिवार में संवाद कम होगा और स्क्रीन अधिक, तो उसका प्रभाव अगली पीढ़ी पर स्वाभाविक रूप से पड़ेगा।
आवश्यकता बच्चों को तकनीक से दूर करने की नहीं, बल्कि उसके विवेकपूर्ण उपयोग की समझ विकसित करने की है। साथ ही उन्हें प्रकृति, पुस्तकों, खेल और पारिवारिक संवाद से जोड़ने की भी आवश्यकता है।

क्योंकि व्यक्तित्व का निर्माण केवल जानकारी से नहीं, अनुभवों से होता है।
किसी भी राष्ट्र का भविष्य उसकी नई पीढ़ी में बसता है। यदि हम चाहते हैं कि हमारे बच्चे केवल सफल ही नहीं, बल्कि संवेदनशील, संतुलित और जिम्मेदार नागरिक बनें, तो हमें उनके बचपन की रक्षा करनी होगी।

अंततः प्रश्न मोबाइल या सोशल मीडिया का नहीं, हमारी प्राथमिकताओं का है।
बच्चों को उज्ज्वल भविष्य देने की दौड़ में कहीं हम उनका वर्तमान तो नहीं छीन रहे? यदि ऐसा हो रहा है, तो समय आ गया है कि हम उन्हें उनका सबसे बड़ा अधिकार लौटा दें—उनका बचपन।

⚡ SHARE THIS POST
  • Related Posts

    रोटरी क्लब अंबाला डायमंड का भव्य इंस्टॉलेशन समारोह सम्पन्न।राजन गुप्ता ने अध्यक्ष पद की संभाली जिम्मेदारी

    पांचवा आयामअंबाला : (निखिल सोबती)रोटरी क्लब अंबाला डायमंड का भव्य इंस्टॉलेशन समारोह सम्पन्न।राजन गुप्ता ने अध्यक्ष पद की संभाली जिम्मेदारी, सेवा एवं नेतृत्व के नए संकल्प के साथ नई टीम…

    पीएम मोदी के नेतृत्व में देश रच रहा नए कीर्तिमान, 17 जुलाई को हरियाणा को मिलेंगी बड़ी सौगातें

    पांचवा आयामअंबाला : (निखिल सोबती)स्वच्छता ही स्वागत अभियान के तहत वीरवार को पूर्व मंत्री असीम गोयल नन्यौला ने मानव चौक के नजदीक स्वयं झाडू लगाकर एवं सफाई करके सभी को…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *