गोंडा (हनुमान शरण पांडे) सुभाष इंटर कॉलेज, उमरी बेगमगंज में विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं प्रधानाचार्य परिषद के जिला मंत्री सहदेव सिंह की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के मंडलीय अध्यक्ष एवं भारतीय जनता पार्टी शिक्षक निर्वाचन के जिला सह प्रभारी अजीत सिंह रहे। बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि अजीत सिंह ने कहा कि गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से शिक्षक महासंघ समर्थित एवं भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी ध्रुव कुमार त्रिपाठी शिक्षकों की आवाज को मजबूती से उठाने वाले नेता हैं। उन्होंने सदैव शिक्षकों के हितों, पुरानी पेंशन बहाली, वित्तविहीन शिक्षकों की समस्याओं और माध्यमिक शिक्षा के उत्थान के लिए संघर्ष किया है। ध्रुव कुमार त्रिपाठी अनुभवी, कर्मठ और शिक्षक हितों के लिए समर्पित व्यक्तित्व हैं। विधान परिषद में उनकी उपस्थिति शिक्षक समाज के लिए गौरव का विषय रही है। सिंह ने सभी सम्मानित शिक्षक मतदाताओं से विनम्र आग्रह किया कि आगामी 23 अक्टूबर को अपना बहुमूल्य प्रथम वरीयता मत श्री ध्रुव कुमार त्रिपाठी के पक्ष में देकर उन्हें भारी मतों से विजयी बनाएं। बैठक की अध्यक्षता करते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य सहदेव सिंह ने कहा कि शिक्षक हितों की रक्षा के लिए ध्रुव कुमार त्रिपाठी को जिताना आवश्यक है। सभी शिक्षकों को एकजुट होकर महासंघ समर्थित प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करना चाहिए।इस अवसर पर दिलीप सिंह, कौशलेंद्र सिंह, विनय सिंह, ओम प्रकाश सिंह, अमित सिंह, अभिषेक कुमार, त्रिवेणी प्रसाद, अंशुल लता सिंह के साथ-साथ क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य एवं शिक्षक उपस्थित रहे।तदुपरांत उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के मंडलीय अध्यक्ष अजीत सिंह ने विभिन्न विद्यालयों – राजाराम उपाध्याय इंटर कॉलेज खंडौरा, अंबिका प्रसाद उपाध्याय इंटर कॉलेज खंडौरा गोंडा, महर्षि परशुराम इंटर कॉलेज विजयनगर, राम नारायण राज नारायण इंटर कॉलेज आजाद नगर, राजकीय हाई स्कूल लौवाटेपरा , जगपती देवी इंटर कॉलेज हिलालपुर, ब्रह्मदेव इंटर कॉलेज हिलालपुर आदि विद्यालयों में जाकर प्रधानाचार्य एवं शिक्षकों से जनसंपर्क किया और ध्रुव कुमार त्रिपाठी के पक्ष में मतदान की अपील की।






