पंचकूला (दिव्या राणा):हरियाणा सरकार की ओर से ग्रामीण सफाई कर्मियों के मानदेय, भत्तों और सामाजिक सुरक्षा को लेकर किए गए महत्वपूर्ण फैसलों का पंचकूला के पूर्व मेयर कुलभूषण गोयल ने स्वागत किया है। उन्होंने प्रदेश के सभी ग्रामीण सफाई कर्मियों को इन फैसलों के लिए बधाई देते हुए मुख्यमंत्री एवं हरियाणा सरकार का आभार जताया।कुलभूषण गोयल ने कहा कि ग्रामीण सफाई कर्मी गांवों में स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ हैं और सरकार की ओर से उनके आर्थिक हितों को ध्यान में रखते हुए लिए गए फैसले सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि जनवरी 2026 से ग्रामीण सफाई कर्मियों का मासिक मानदेय 16 हजार रुपये से बढ़ाकर 18,100 रुपये किया जाना बड़ी राहत है। साथ ही जनवरी से जून 2026 तक बढ़े हुए मानदेय के 2,100 रुपये प्रतिमाह के बकाये का भुगतान करने का निर्णय भी स्वागत योग्य है।उन्होंने कहा कि सरकार ने बाहर गांव ड्यूटी लगाने पर 200 रुपये प्रतिदिन भत्ता, वार्षिक वर्दी भत्ता 4,000 से बढ़ाकर 6,000 रुपये तथा धुलाई भत्ता 1,000 से बढ़ाकर 1,500 रुपये करने का भी निर्णय लिया है। इससे सफाई कर्मियों को आर्थिक रूप से लाभ मिलेगा।पूर्व मेयर ने ड्यूटी के दौरान किसी सफाई कर्मी की मृत्यु होने पर परिवार के एक सदस्य को अनुकंपा आधार पर नियुक्ति देने के फैसले की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि ईपीएफ/ईएसआई डेथ क्लेम की औपचारिकताओं में बीडीपीओ कार्यालय की ओर से परिवार की सहायता का प्रावधान भी महत्वपूर्ण है।कुलभूषण गोयल ने कहा कि सरकार के इन फैसलों से ग्रामीण सफाई कर्मियों में सुरक्षा और सम्मान की भावना मजबूत होगी। उन्होंने सभी सफाई कर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि सरकार ने उनकी मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाकर संवेदनशीलता का परिचय दिया है।






