डेराबस्सी, (तानिया रोहिल्ला) : डेराबस्सी के धनौनी मंडी में धान की बेकद्री हो रही है। मंडी में एक तरफ जहां गेहूं के अंबार लगे हैं वहीं किसान दो-दो दिन से धान से लदी ट्रालियां लेकर मंडी के बाहर खड़े हैं। डेराबस्सी के पूर्व हलका विधायक एन के शर्मा ने आज मंडी का दौरा करके किसानों की समस्याएं सुनी। एन के शर्मा को गांव पुनसर से आए एक किसान ने बताया कि वह रविवार को धान लेकर आया था लेकिन अभी तक कोई एजेंसी यहां नहीं आई है। किसानों ने बताया कि मंडी में चारों तरफ धान बिखरा हुआ है। इसके उपर से ट्रालियां निकल रही हैं और चावल टूट रहा है। संबंधित अधिकारियों के पास कोई जवाब नहीं है। एन के शर्मा ने कहा कि कई किसान पिछले दो दिन से धान की ट्राली लेकर मंडी के बाहर खड़े हैं। भीतर कहीं धान गिराने की जगह नहीं है। शर्मा ने कहा कि पहले यहां के किसान हरियाणा में धान की बिक्री कर लेते थे लेकिन अब हरियाणा सरकार बाहरी धान नहीं खरीद रही है। पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार की गलत कार्य प्रणाली के चलते पहले किसानों को यूरिया समय पर नहीं मिला। इसके बाद बिजली संकट का सामना करना पड़ा। किसानों ने अपनी मेहनत के बल पर जैसे-तैसे धान की पैदावार की अब उनकी फसल मंडियों में रूल रही है। सरकार का इस तरफ कोई ध्यान नहीं है। एन के शर्मा ने बताया कि आज वह मंडी में कई पल्लेदारों तथा मजदूरों से मिले। जिनके लिए यहां पीने वाले पानी का भी कोई प्रबंध नहीं है। पल्लेदार व प्रवासी मजदूर मजबूरन शौचालयों की टूटियों से पानी पी रहे हैं। पंजाब सरकार के सभी दावे केवल इश्तिहारों तक सिमट गए हैं। पूर्व विधायक ने कहा कि अगर किसानों की फसल की जल्द बोली नहीं करवाई गई तो अकाली दल किसानों के समर्थन में रोष प्रदर्शन करेगा। इस अवसर पर अकाली नेता राजिंद्र सिंह ईस्सापुर, दिलबाग सिंह चडियाला, हनी सैनी, हरविंद्र पिंका, अमीर खान, कर्म सिंह राजू, विक्रमजीत सिंह समेत कई अकाली नेताओं ने किसानों की समस्याएं सुनकर उन्हें समर्थन का आश्वसन दिया।









