पांचवा आयाम (जसबीर/सच कीरत सिंह) अयोध्या:डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय में 31वें दीक्षांत समारोह की भव्य और गरिमामयी सफलता के बाद अब आयोजन से जुड़े दायित्वों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने पर जोर दिया गया है। कौटिल्य प्रशासनिक भवन सभागार में कुलपति डॉ. बिजेंद्र सिंह की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में वित्तीय पारदर्शिता, पर्यावरण संरक्षण और परिसर की सुरक्षा को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए।कुलपति ने दीक्षांत समारोह के सफल आयोजन में शिक्षकों, अधिकारियों और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि किसी भी बड़े आयोजन की सफलता केवल उसके भव्य समापन से नहीं, बल्कि उससे जुड़े दायित्वों के ईमानदार और समयबद्ध निर्वहन से पूरी होती है। उन्होंने समारोह के दौरान कराए गए सभी कार्यों एवं व्यवस्थाओं से संबंधित बिलों को तत्काल वित्त विभाग में प्रस्तुत कर उनका शीघ्र निस्तारण कराने के निर्देश दिए।परिसर में पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए रखे गए पौधों का निर्धारित स्थलों पर शीघ्र रोपण कराने को कहा गया। वहीं आईटी परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए आवश्यकतानुसार उच्च क्षमता वाले सीसीटीवी कैमरे तत्काल स्थापित करने के निर्देश दिए गए।कुलपति डॉ. बिजेंद्र सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय को हरित, सुरक्षित और व्यवस्थित परिसर के रूप में विकसित करना निरंतर प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों से दिए गए निर्देशों का निर्धारित समय सीमा में कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा।बैठक में कुलसचिव विनय कुमार सिंह, वित्त अधिकारी पूर्णेन्दु शुक्ल, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, संकायाध्यक्ष तथा विभिन्न समितियों के संयोजक एवं सह-संयोजक मौजूद रहे।








